दिवाली की रात प्रतिबंध के बावजूद जहां रातभर पटाखों के धमाके होते रहे, वहीं आग ने जमकर तांडव मचाया। ट्विनसिटी में करीब 18 आगजनी की घटनाओं से लोगों को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ा। वहीं कई घरों में खुशियों का माहौल गम में बदल गया। छावनी में दुआ कम्युनिकेशन की तीन मंजिला इमारत जलकर खाक हो गई।
घ्
ाटना का जायजा लेने के लिए प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज भी मौके पर पहुंचे और दुकान के मालिक को आश्वासन दिया। इसके अलावा अंबाला शहर में गांव धुरखड़ा स्थित बारदाना गोदाम में लगी आग को बुझाने में अग्निशमन विभाग को करीब 15 घंटे से अधिक का समय लग गया। तीसरी बड़ी घटना अंबाला शहर में नौरंग राय तालाब के पास स्थित हार्डवेयर की दुकान में हुई। इसमें अंबे हार्डवेयर दुुकान में रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। तीनों बड़ी आगजनी की घटनाओं का कारण शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। इसके अलावा भी ट्विनसिटी में आगजनी की कई घटनाएं हुई हैं।
दुआ मोबाइल शॉप के मालिक जतिन दुआ ने बताया कि वह रात को 10 बजे के करीब दुकान के पास ही गली में बच्चों के साथ पटाखे फोड़ रहे थे। जैसे ही उन्होंने देखा कि शटर में से धुआं निकल रहा है तो उन्होंने तुरंत शटर खोला। आग देखते ही उन्होंने पहले अग्निशमन विभाग को फोन किया और फिर पत्थर की मदद से शीशा तोड़ा। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं आ गई वह आग को बुझाने का प्रयास करते रहे, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल जिसमें होटल था वह भी जलकर खाक हो गया। इस आग में उनके रिश्तेदार की ही कैलाश ट्रेडर्स की दुकान है। उसे भी नुकसान हुआ है। आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने की सूचना पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए।
दूसरी ओर दमकल विभाग के पास दिवाली की रात 12.15 बजे स्वर्ण सिंह का फोन आया कि अंबाला-हिसार रोड स्थित गांव धुरकड़ा में बारदाना गोदाम में आग लग गई है। इसके कुछ मिनटों बाद ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि सुबह तक कर्मचारियों का प्रयास जारी रहा। करीब 15 घंटे के बाद जाकर दमकल विभाग ने आग बुझाई। गनीमत यह रही कि आग के कारण जान का नुकसान नहीं हुआ है। इस आग में करीब 2 लाख बारदाना जलकर खाक हो गया। गोदाम मालिक रघुनाथ व श्याम ने बताया कि उन्हें रात को सूचना मिली थी कि गोदामों में आग लग गई है। मौके पर पहुंचे तो आग की लपटें गोदाम से बाहर निकल रही थीं।
उन्होंने बताया कि आग से उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है।
इसके अलावा अंबाला शहर में नवरंग राय तालाब के पास स्थित हार्डवेयर की दुकान में भी आग लग गई। आग बुझाने में दमकल विभाग के लिए कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तीन गाड़ियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। नीरज गंभीर ने बताया कि उन्हें रात करीब 2 बजे चौकीदार ने सूचना दी थी कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। इसके पांच मिनट बाद ही वह मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलने के 20 मिनट में फायर ब्रिगेड आ गई थी और आग पर काबू करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि आग से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।
शहर में यहां भी हुईं आग की घटनाएं
- 5 बजकर 50 मिनट पर प्रीति ने कॉल कर बनाया कि मित्तल अस्पताल के पास खाली प्लाट में आग लग गई है। इसके बाद फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
- 6 बजार 58 मिनट पर राजन आहुजा का फोन आया कि कुष्ठ आश्रम के पास सरकंडों में आग लग गई है, जिस पर एक गाड़ी ने काबू पाया।
- 8 बजकर 40 मिनट पर इंद्र नगर से कुलदीप का फोन आया कि पटाखे के कारण खाली प्लाट में आग लग गई है।
- 9 बजकर 50 मिनट पर सेक्टर 9 से कांस्टेबल जसपाल ने सूचना दी कि खाली मैदान में आग लग गई है।
- 10 बजकर 25 मिनट पर जैन नगर में खाली प्लाट में आग लगने की सूचना विभाग को मिली।
- 12 बजकर 20 मिनट पर गुरप्रीत सिंह का फोन आया कि पंजाबी चिकन दुकान में आग लग गई है। इसमें उनका काफी सामान जलकर खाक हो गया है।
छावनी में यह हुईं घटनाएं
- 7 बजकर 51 मिनट पर रेलवे कॉलोनी डीआरएम ऑफिस के पास पार्क में लगी आग।
- 7 बजकर 56 मिनट पर कानवाई पार्क की दीवार नजदीक पीर बाबा के पास झाड़ियों में आग लगी।
- 9 बजकर 41 मिनट पर बीडी फ्लोर मिल के पीछे अमरपुरी कॉलोनी में मकान में आग लग गई, जो कि मनीष कुमार के दूसरी मंजिल में लगी थी। इसमें उसका 1 बेड, 1 कूलर व अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
- 9 बजकर 46 मिनट पर मुलाना रविदास मंदिर के पास गोहरे में आग लगी थी। इसमें संजू व जगदीश का गोहरा जल गया।
- 10 बजकर 51 मिनट पर लाल कुर्ती नजदीक पूर्ण सिंह का ढाबा के पास मकान की छत पर आग लग गई।
- 1 बजकर 47 मिनट पर बीडी फ्लोर मिल के पीछे कृष्णा डायरी के पास दुकान में आग लग गई। इसमें अमित कुमार ने बताया कि दुकान में रखा सांइस का सामान जलकर खाक हो गया। इसमें कितना नुकसान हुआ है। इसका अंदाजा नहीं है।
- सुबह 4 बजकर 46 मिनट पर बब्याल गुगा मांडी के पास लकड़ियों में आग लग गई। इसमें राधे शरण ने बताया कि इसमें करीब 3 क्विंटल लकड़ी जल गई।
- गांव नन्हेड़ा में साइंस की दुकान में आग लग गई। जिसे लोगों ने स्वयं ही बुझाया।
- बाइक ठीक करने वाले दुकान की छत पर आग लग गई। इस पर लोगों ने स्वयं ही काबू पा लिया।
जहां-जहां से भी आग लगने की सूचना मिली थी। वहां पर मौके पर गाड़ी भेजते हुए हमने आग पर तुरंत काबू पाया है।
- अवतार सिंह, अग्निशमन अधिकारी, अंबाला सिटी।
करीब 8 जगहों पर आग लगने की सूचना मिली थी, जहां पर पहुंच कर कर्मचारियों ने आग को काबू किया है।
- टीआर पालीवाल, अग्निशमन अधिकारी, अंबाला कैंट।
अंबाला शहर स्थित हार्डवेयर की दुकान में लगी आग के बाद जला सामान।- फोटो : Ambala
अंबाला शहर के धुरकड़ा स्थित बारदाने के गोदाम में लगी आग पर काबू पाता दमकलकर्मी।- फोटो : Ambala
अंबाला छावनी के नन्हेडा स्थित साइंस की दुकान के ऊपर छत पर तिरपाल में लगी आग पर काबू पाते लोग।- फोटो : Ambala
अंबाला छावनी में बाइक रिपेयर की दुकान की छत पर कपड़ों में लगी आग।- फोटो : Ambala