छावनी में करधान रोड स्थित सेनेटरी की दुकान में लगी आग धूं धूं कर जलता सामान। स्वयं
अंबाला। छावनी के महेश नगर करधान रोड पर सेनेटरी के सामान की दुकान में संदिग्ध परिस्थितयों में लगी आग लग गई। इस आग के कारण दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना पाकर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके साथ ही पुलिस डायल-112 की गाड़ी सहित थाना महेश नगर की पुलिस भी पहुंच गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। सेनेटरी की दुकान में आग लगने का कारण नहीं चल पाया।
दुकान मालिक सुरिंद्र कुमार ने बताया कि करधान रोड पर उनकी सेनेटरी के सामान की दुकान है जो जेएंड संस के नाम से है। शुक्रवार की रात को वह अपनी दुकान बंद करके घर जा रहे थे। आधे घंटे बाद ही पड़ोसियों ने सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना के बाद वह घबरा गए और अपने भाई के साथ वापस दुकान पर पहुंचे। जहां दमकल विभाग की दो गाड़ियों पर तैनात कर्मचारी आग पर काबू पा रहे थे। उन्होंने बताया कि दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया है, जबकि उन्हें नहीं पता की आग कैसे लगी। महेश नगर थाना प्रभारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस दलबल सहित करधान रोड गार्गी गैस के सामने घटनास्थल पर पहुंच गए थे। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। आग लगने से कितना नुकसान हुआ है इस बारे में दुकान मालिक ही बता सकते हैं। आग से किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।