अंबाला छावनी के नागरिक अस्तपाल में बच्चे का आधार कार्ड दिखाते परिजन। संवाद
अंबाला। दिल्ली से ट्रेन में परिवार सहित लुधियाना जा रहे सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। ट्रेन के अंबाला पहुंचने पर जब बच्चे को अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया तो डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चे की पहचान दिल्ली निवासी रोबिन के तौर पर हुई है। शनिवार दोपहर को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। छावनी के नागरिक अस्पताल में मौजूद रोबिन की मां पूजा ने बताया कि उनका बेटा कुछ दिन पहले दिल्ली स्थित घर की छत से गिर गया था और उसका उपचार लुधियाना के सीएमसी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को वह हंसी-खुशी लुधियाना जाने के लिए उनके साथ ट्रेन में सवार हुआ। ट्रेन में जब उसने चाय पी तो उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई और उसने फिर पानी मांगा, लेकिन पानी पीने से पहले ही वह बेहोश हो गया। ट्रेन के अंबाला पहुंचने पर मामले की जानकारी दी गई तो उन्हें नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।
नागरिक अस्पताल से संदेश आया था कि स्टेशन से आए एक बच्चे की मौत हो गई है। यहां आकर बच्चे की जानकारी मिली। उसकी पहचान दिल्ली निवासी सात वर्षीय रोबिन के तौर पर हुई है। मृतक की मां पूजा के बयान पर कार्रवाई की गई है, वह रोबिन के उपचार के लिए दिल्ली जा रहे थे, जब बच्चे की तबीयत बिगड़ गई।
- सुमित वालिया, जांच अधिकारी जीआरपी अंबाला।
अंबाला छावनी के नागरिक अस्तपाल में बच्चे का आधार कार्ड दिखाते परिजन। संवाद