अंबाला। दोपहर दो बजे अचानक नग्गल पुलिस थाना परिसर में भीषण आग लगने से वहां खड़े 50 से अधिक वाहन स्वाह हो गए। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यह आग थाना परिसर से सटे जंगल में लगी थी और लपटे फैलते हुए यहां तक पहुंच गई। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक काफी क्षति हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार हिसार हाईवे स्थित ग्रामीण क्षेत्र में पड़ने वाले थाना नग्गल परिसर में दोपहर को कोई दो बजे भयंकर आग लगते ही यहां अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में दमकल केंद्र को सूचित किया गया। पुलिस मुलाजिमों की माने तो आग की लपटों ने थाना परिसर के पीछे खड़े जंगल से प्रवेश किया था। पुलिस मुलाजिमों ने बताया कि आग की लपटें शांत होने तक पुलिस द्वारा जब्त किए गए कई वाहन जलकर खाक हो चुके थे। बताया गया है कि अगर फायर बिग्रेड की गाड़ियां यहां पहुंचने में कुछ देरी करती तो और भी अनहोनी हो सकती थी। इस घटनाक्रम के दौरान नग्गल थाना में आग की ऊंची ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
गनीमत रही कार्यालय तक नहीं पहुंची आग
धूप व तेज हवाओं के कारण आग की लपटें दूर तक मार कर रही थी, लेकिन गनीमत रही की आग थाना परिसर में कार्यालयों तक नहीं पहुंची। इससे पहले ही फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। बता दें कि यह पुलिस स्टेशन खेतों के एरिया में पड़ता है, जिसको लेकर पुलिस भी हर समय सचेत रहती है।
थाना परिसर की दीवार के साथ जंगल में आग लगी थी जो थाना परिसर तक पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी कि थाना परिसर में खड़ी बस, बाइक और कार सहित अन्य वाहन जलकर राख हो गए। ये सभी वाहन अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए थे।
विक्रांत, प्रभारी, नग्गल थाना