हरियाणा मास्टर्स एफसी फुटबॉल टीम जीत की ट्राफी के साथ। स्वयं
अंबाला। देहरादून के सोशल बलोनी पब्लिक स्कूल में 13 जून से 15 जून तक तीन दिवसीय दूसरी नेशनल मास्टर्स फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। यह मास्टर्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 40 वर्ष आयु से अधिक वर्ग के मध्य खेली थी।
इसमें फाइनल में हरियाणा मास्टर्स एफसी ने उत्तराखंड एफसी को हराकर नेशनल मास्टर्स फुटबॉल ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा मास्टर्स एफसी फुटबॉल टीम में अंबाला के चीफ कोच राकेश कुमार, मैनेजर गुरु दत्त डॉ. परमजीत सिंह समेत चार खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
हरियाणा मास्टर्स एफसी टीम का नेतृत्व उत्तर रेलवे के पंकज चुघ ने किया। टीम कोच विद्युत विभाग यमुना नगर के सुखविंदर सिंह रहे। टीम के कप्तान पंकज चुघ ने कहा कि यह जीत पूरी टीम की जीत है। सभी खिलाड़ियों ने बहुत मेहनत की और भविष्य में हम और मेहनत करेंगे।
अंबाला के संजय ने दिखाया कमाल
प्रतियोगिता में हरियाणा मास्टर्स एफसी के फॉरवर्ड खिलाड़ी ठाकर सिंह के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट फॉरवर्ड के स्मृति चिह्न से नवाजा। हरियाणा मास्टर्स एफसी के गोल कीपर सुनील कुमार को बेस्ट गोल कीपर का सम्मान मिला। फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। इसमें पहला गोल उत्तराखंड ने खेल के छठवें मिनट में ही कर दिया था। उसके बाद हरियाणा मास्टर्स एफसी ने भी बराबर के हमले बोले। दूसरे हाफ में नौवें मिनट में हरियाणा टीम को सफलता मिली। ठाकर सिंह के बेहतरीन पास से हरियाणा के हरमीत सिंह ने उसे गोल में तब्दील कर दिया। दोनों टीम का स्कोर बराबर हो गया। मैच बराबरी पर खत्म हो गया फिर पेनल्टी शूट आउट में हरियाणा मास्टर्स एफसी ने 4-3 के स्कोर से उत्तराखंड को हरा कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। अंबाला के खिलाड़ी संजय द्वारा विजय पेनल्टी गोल में तब्दील कर अपनी टीम को जिताया।