मुलाना। सिरसगढ़ गांव में कुरड़ी पर मिट्टी डालकर जबरन कब्जा करने वालों को रोकना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। आरोपियों ने दोनों को तलवारों, कस्सी व डंडों से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मुलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में विद्या देवी निवासी सिरसगढ़ ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे गोगा माड़ी के पास कुरड़ी पर कुछ व्यक्तियों का शोर सुनाई दिया। जब वहां पहुंचे तो देखा कि गांव के ही रहने वाले सोनू, जितेंद्र, सोमप्रकाश, संजू, मांगा राम, नायाब राज, प्रदीप, अरूण, विरेंद्र, बलराम, गुरनामों देवी, नसीबों देवी, जवंत्री व अन्य कुरड़ी पर मिट्टी डालकर जबरन कब्जा करना चाह रहे हैं। जब उन्हें रोकने लगे तो उन्होंने तलवार, कस्सी, डंडों से वार कर उसके पति सतपाल व उसके बेटे सुरेंद्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में घायलों को मुलाना सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां से दोनों को छावनी नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।