शहजादपुर। कलायत में शनिवार को किसान-मजदूर महापंचायत होगी। इसमें कई अहम फैसले लिए जाएंगे। महापंचायत में सरकार द्वारा की जा रही वादाखिलाफी के साथ-साथ अन्य मुद्दों पर भी प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। यह बात भाकियू हरियाणा (टिकैत) के प्रदेशाध्यक्ष रत्नमान ने गांव फतेहगढ़ व तंदवाल में किसानों को संबोधित करते हुए कही। मान यहां पर किसानों को महापंचायत के लिए न्योता देने आए थे। रत्नमान ने कहा कि हमारा आंदोलन अभी स्थगित है, समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार किसानों की मांगों को पूरी तरह से नहीं मान लेती, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि किसान भाई तैयार रहें, कभी भी दोबारा आंदोलन को आगे बढ़ाने के आदेश आ सकते हैं। रत्नमान ने कहा कि हमारा संगठन न कभी राजनीति में गया है और न ही कभी जाएगा। उन्होंने कहा कि कलायत की अनाज मंडी में होने वाली महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के साथ अन्य राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता भी शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो समझौता किसानों की मांगों को लेकर लिखित में सिंधू बॉर्डर पर भेजा था, उसे लगभग दो महीने हो चुके हैं। सरकार ने अभी तक एक कदम भी आगे नही बढ़ाया है।
सरकार नंबरदारी, वृद्धा पेंशन सहित अन्य चीजों को खत्म करने पर उतारू है। अभी तक सरकार ने एमएसपी कानून को लेकर किसी तरह की कोई कार्यवाई अमल में नही लाई है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में होने वाले चुनावों में बंगाल की तरह ही हाल होगा। मान ने कहा कि ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों की जल्द गिरदावरी करवा सरकार किसानों को मुआवजा दे। इस दौरान अंबाला मंडल अध्यक्ष बलदेव सिंह, ऋषिपाल बीबीपुर, मोहित बख्तुआ, अंबाला बी जिलाध्यक्ष नरमेल सिंह सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।