संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस का काम ही झूठ और भ्रम पैदा करना है, जबकि भाजपा जनता के विश्वास पर खरा उतरने वाली पार्टी है। विज रविवार को मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे थे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि यह कांग्रेस की संस्कृति है, भाजपा की नहीं। फर्जी वोट कांग्रेस वाले बनाते हैं और हमने उन्हें कई बार पकड़ा है।
राहुल गांधी आधी बात करते हैं और पूरी बात बताएं कि वोट किसे पड़े हैं और इससे किसे फायदा हुआ है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अंबाला के साहा क्षेत्र में 223 फर्जी वोट पाए गए थे, जहां कांग्रेस का विधायक और सांसद दोनों जीते हैं। विज ने कहा कि इससे साफ है कि कांग्रेस फर्जीवाड़े से चुनावी लाभ उठाने की कोशिश करती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बिहार में एनडीए सरकार पर लगाए आरोपों का जवाब देते हुए विज ने कहा कि जब हम कपड़ा खरीदते हैं तो कंपनी की पुरानी हालत देखते हैं। खड़गे ने खुद मान लिया कि 20 साल पहले बिहार में जंगलराज और कट्टा राज था।