संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। दो पुराने ट्रक दिलवाने का झांसा देकर अमृतसर निवासी अतुल शर्मा व उसके भाई रघु शर्मा ने 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने नदी मोहल्ला निवासी चेतन सैनी की शिकायत पर दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चेतन सैनी ने बताया कि करीब 3 साल पहले अतुल शर्मा उसके दोस्तो के माध्यम से उन्हें जीरकपुर में मिला था। इसके बाद उसके साथ दोस्ती हो गई और वह उनके माया गार्डन फ्लैट में आने-जाने लगा। उसके साथ काफी अच्छे संबंध हो गए थे। उन्हें दो पुराने ट्रक लेने थे।
अतुल शर्मा ने कहा कि उसके छोटे भाई रघु शर्मा की ट्रांसपोर्ट हैं जोकि दशमेश कैरियर के नाम से खन्ना पेपर मील अमृतसर के पीछे है। उसने कहा कि वह अपने भाई रघु शर्मा से बोलकर उन्हें पुराने ट्रक दिलवा देगा। दो पुराने ट्रक दिलवाने का सौदा 15 लाख रुपये में तय हो गया और इस दौरान उन्हें कुछ राशि नकद और कुछ उनके बताए खातों में डाल दी जोकि 10 लाख रुपये थे। जब वह अमृतसर गए तो उन्हें अपने साथ धोखा होने की जानकारी लगी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रघु शर्मा व अतुल शर्मा का यही काम है और इनका पूरा गिरोह है जोकि व्यक्तियों को अपने विश्वास में लेते हैं और उन्हें झूठा दिलासा दिलाकर उनके साथ ठगी करते हैं।