नारायणगढ़। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ब्लॉक नारायणगढ़ के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम नारायणगढ़ को एक मांगपत्र सौंपा। भाकियू नेताओं के अनुसार किसानों के साथ अबकी बार सूरजमुखी के बीज के नाम पर विक्रेताओं ने धोखा किया है। विक्रेताओं ने महंगे दाम पर नकली बीज उपलब्ध करवाया। इस कारण खेतों में लगाई गई सूरजमुखी की 80 प्रतिशत फसल बर्बाद हो गई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
भाकियू नेताओं ने मांग की कि किसानों को उनकी खराब हुई सूरजमुखी की फसल का तुरंत मुआवजा दिया जाए। साथ ही बीज विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो भाकियू (टिकैत) की अगुवाई में किसान एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना देंगे।
दूसरी ओर, मांगपत्र में कहा गया है कि शुगर मिल बणौंदी ने किसानों को गुमराह कर उनके नाम पर कृषि ऋण लिया गया था, जिसके बारे में मिल प्रशासन बोल रहा है कि उनके पास कोई रिकार्ड नहीं है। किसानों की मांग है कि उन्हें कृषि ऋण में क्लीन चिट मिले। वहीं, मिल के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। भाकियू नेताओं ने यह भी मांग की कि मेरा फसल मेरा ब्योरा पोर्टल शीघ्र खोला जाए, जिससे ज्यादा से ज्यादा किसानों की सूरजमुखी की फसल का ऑनलाइन पंजीकरण हो सके। एसडीएम ने जल्द से जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नरमैल सिंह बख्तुआ जिला अध्यक्ष, ऋषिपाल बीबीपुर, रमेश कुमार, नरमैल सिंह तंदवाल, रामसिंह तथा सुरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।