संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अमेरिका भेजने के नाम पर व्यक्ति से 8,50, 000 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने निखिल कुमार की शिकायत पर पंजाब के फिल्लौर निवासी अंग्रेज सिंह व कमलजीत संधु पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत में अंबाला निवासी निखिल ने बताया कि आरोपियों ने उसके भाई को अमेरिका भेजने के नाम पर 8 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर दी। शातिर आरोपियों ने फर्जी एयर टिकट व वीजा देकर झांसे में लिया।
आरोपियों ने थोड़े -थोड़े कर पैसे हड़प लिए। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि उसका भाई कमल अमेरिका जाने का इच्छुक था। बताया था कि वह कानूनी तरीके से उसके भाई को अमेरिका भेजा सकता है और करीब 35 लाख रुपये का खर्च आएगा। जांच में पता चला कि पैसे लेने के बाद जो दस्तावेज टिकट व वीजा दिया है वो
फर्जी था।
कनाडा भेजने के नाम ठगे लाखों, मामला दर्ज
अंबाला। जलबेहड़ा गांव निवासी एक ग्रामीण ने अंबाला शहर के तीन लोगों पर विदेश भेजने के नाम पर 5 लाख 35 हजार की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कुलबीर सिंह, राजविंद्र कौर व सन्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिवार को कनाड़ा भेजने का झांसा दिया था।
जलबेहड़ा गांव निवासी अश्वनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सिटी के नागरिक अस्पताल में अनुबंध आधार पर फार्मेसिस्ट के पद पर कार्यरत है। वर्ष 2021 में ऑनलाइन विज्ञापन देखकर वह आरोपियों के झांसे में आया था। उन्होंने कहा था कि हेल्थ से जुड़ा होने के कारण वह उसे व उसके परिवार को कनाडा भेज देंगे और पीआर भी करवा देंगे। बाद में दस्तावेज दिया तो वो भी फर्जी था। इस तरह से आरोपियों ने उससे पैसे भी हड़प लिए और विदेश भी नहीं भेजा। आरोपियों ने रुपये मांगने पर उसे धमकाना शुरू कर दिया।
विदेश भेजने के नाम पर युवक से चार लाख हड़पे
अंबाला। दो लोगों ने विदेश भेजने के नाम पर युवक से 4 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बकनौर निवासी गुरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया है कि अरुण पाल सिंह व नियामतप्रीत कौर ने उसे विदेश भेजने के नाम चार लाख रुपये ले लिए लेकिन उन्होंने न तो उसे विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए। इसके अलावा पैसे मांगने पर गाली- गलौज व झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
नग्गल थाना पुलिस ने गुरप्रीत सिंह की शिकायत पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।