- एक किलोमीटर तक पहुंची धमाके की गूंज, दुकानदार बोले- मशीन से नट कस रहा था मैकेनिक
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित बलदेव नगर के पास मंगलवार को हाईवे किनारे खड़े खाली टैंकर में धमाका हो गया। दोपहर 1 बजे वेल्डिंग की दुकान के बाहर यह हादसा हुआ। टैंकर के ऊपर चढ़कर काम कर रहे मैकेनिक पंजाब के हंडेसरा के रानी माजरा निवासी लखविंदर उर्फ लक्की (30) की झुलसने से मौत हो गई।
अभी हादसे के मुख्य कारण की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण वेल्डिंग करते समय खाली डीजल के टैंकर में गैस भरना सामने आ रहा है। मृतक के पिता सतपाल का कहना था कि लखविंद्र टैंकर पर मशीन से नट कस रहा था कि अचानक स्पार्किंग होने पर धमाका हो गया। बलदेव नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक का हो चुका था रिश्ता
धमाके की गूंज एक किलोमीटर तक सुनाई दी थी। झुलसने के बाद नीचे गिरे लखविंद्र को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। दमकल विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर टैंकर पर पानी की बौछारें की। गनीमत रही कि टैंकर में डीजल नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मृतक के पिता सतपाल ने बताया कि उनके पास दो बेटे व बेटियां हैं। इनमें से लखविंद्र सबसे छोटा था। पिछले साल लखविंद्र का रिश्ता पक्का हो गया था। शादी की तिथि निकालनी थी। जबकि घर में तैयारियां चल रही थी। बलदेव नगर के पास दुकान में वह अपने दोनों बेटों व भाई के साथ टैंकर रिपेयर व वेल्डिंग का काम करते हैं।
टैंकर में प्रेशर न बनने की थी समस्या
हादसे से कुछ देर पहले ही सिटी के कक्कड़ माजरा स्थित एक निजी पेट्रोल पंप से हिंदुस्तान पेट्रोलियम का टैंकर दुकान पर आया था। चालक की शिकायत थी कि टैंकर में प्रैशर नहीं बन पा रहा है। कहीं से लीकेज की समस्या हो सकती है। उसके बाद लखविंद्र इस लीकेज को दुरुस्त कर रहा था कि अचानक हादसा हो गया। हादसे के समय टैंकर के आसपास लखविंद्र के अलावा कोई और न होने के कारण हादसा बच गया। जांच अधिकारी वरियाम सिंह ने बताया कि हाईवे किनारे चल रही वेल्डिंग के काम को आलाधिकारियों के संज्ञान में डाला जाएगा कि आखिर यह कर सकते हैं कि नहीं, किसी अनुमति की जरूरत तो नहीं।
नवंबर माह में भी इसी जगह फटा था टैंकर
नवंबर 2025 में भी इसी जगह पर टैंकर में धमाका हो गया था। उस समय भी वेल्डिंग का काम चल रहा था। उस समय हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक स्कूटी सवार राहगीर और दूसरा स्वयं टैंकर का ड्राइवर शामिल था। धमाके की आवाज से लोग सहम गए थे। हादसे वाली जगह पर मंगत राम सन्स टैंकर रिपेयर व वेल्डिंग की दुकान है। रोजाना लोग यहां पर टैंकर का काम करवाने आते हैं। दुकान के आसपास भारी संख्या में टैंकरों की बॉडी भी उतरी पड़ी है।
धमाके के कारण की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। टैंकर वेल्डिंग करवाने के लिए आया हुआ था। लखविंद्र टैंकर पर चढ़कर वेल्डिंग या फिर नट कस रहा था। बताया जाता है कि टैंकर के ऊपर से तार भी गुजर रही थी। अज्ञात कारणों के चलते टैंकर में धमाका हो गया व लखविंद्र बुरी तरह से झुलस गया था।
इंस्पेक्टर धर्मबीर, बलदेव नगर थाना अंबाला सिटी
बलदेव नगर के पास हाईवे किनारे खड़े टैंकर के पास खड़े दमकल कर्मी: संवाद