नारायणगढ़। तंदवाली गांव में संत वैसाखी दास महाराज की स्मृति में संत सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत धर्मदास महाराज ने की। मुख्य वक्ता महामंडलेश्वर एडवोकेट सतगुरु स्वामी ज्ञान नाथ महाराज ने कहा कि मनुष्य के लिए अनुभव ही सच्चा ज्ञान है, अनुमान से तो वह सिर्फ भटक सकता है।
उन्होंने कहा कि मानना केवल कल्पना और मन का काम है, जबकि जानना ही प्रत्यक्ष सत्य और आत्मा का काम है। चंचल मन सांसारिक उलझनों में फंसाता है, जबकि शुद्ध मन ही परमात्मा का मंदिर है। बाह्य कर्मकांडों, अंधविश्वास और रटने से नहीं, बल्कि निस्वार्थ प्रेम, अगाध श्रद्धा और सतगुरु के प्रति पूर्ण समर्पण से आत्म-साक्षात्कार संभव है।
कार्यक्रम में संत निर्मल दास ने सत्संग व सेवा को जीवन का आधार बताया। संत सोमदास ने गुरु महिमा पर प्रकाश डाला। अंत में प्रबंध कमेटी ने संतों को सिरोपा भेंट कर अटूट भंडारा बरताया।
नारायणगढ़ के तंदवाली गांव में संत समागम के दौरान प्रवचन सुनते श्रद्धालु। प्रवक्ता