संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर के कार्यकारी अभियंता सुरेंदर सिंह पर गाज गिर गई है। निविदा प्रक्रिया के दौरान अनुभव प्रमाणपत्र जारी करने में हुई तकनीकी गलती के कारण शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निदेशालय, शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा, पंचकूला निर्धारित किया गया है। विभाग के अनुसार, छावनी में पीपीपी मोड पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य किया गया था। इस प्रोजेक्ट से जुड़ा काम फरीदाबाद की एक एजेंसी को सौंपा गया था। इसी एजेंसी को कार्य पूरा करने का प्रमाणपत्र जारी किया जाना था। बताया जा रहा है कि प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया के दौरान तकनीकी गलती हो गई थी। हालांकि, संबंधित अधिकारियों द्वारा उस गलती को तुरंत सुधार लिया गया था और संशोधित दस्तावेज दोबारा जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद, निविदा को लेकर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई थी और इसकी शिकायत उच्च स्तर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव को कर दी थी।