संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा/ट्रैफिक) मुकुल कुमार सोमवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महानिदेशक (सुरक्षा) के साथ मिलकर अंबाला मंडल के विभिन्न रेल खंडों का निरीक्षण किया और सुरक्षा संबंधी प्रबंधों की समीक्षा की। रेलवे बोर्ड के अधिकारी सोमवार सुबह ट्रेन नंबर 12029 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में नई दिल्ली से रवाना होकर सुबह 9:41 बजे अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचें।
दिनभर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने के बाद वह शाम को ट्रेन नंबर 12012 कालका शताब्दी एक्सप्रेस से शाम 7:08 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रेलवे बोर्ड के उच्च अधिकारियों के आगमन की सूचना के बाद अंबाला मंडल के परिचालन और सुरक्षा विभाग के अधिकारी पूरी तरह से सतर्क रहे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य रेल दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए गए सुरक्षा उपायों की जमीनी हकीकत परखना था। हाल ही में अंबाला मंडल में कवच सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग जैसे प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी के मद्देनजर यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी