अंबाला ( नारायणगढ़ )। नाली में पर्ची, बरामदे में पर्ची, खिड़की में पर्ची, खिड़की के ऊपर पर्ची, खिड़की के नीचे पर्ची, कमरे के भीतर पर्ची और कमरे के बाहर पर्ची ही पर्ची। कुछ ऐसे ही हालत थे नारायणगढ़ के नगला राजपुतान में चल रही 10वीं की हिंदी कक्षा परीक्षा के दौरान। अंबाला जिले के इस परीक्षा केंद्र को देखकर यह कहा जा सकता था कि यह परीक्षा नहीं बल्कि पर्ची केंद्र है। जब यहां के सुपरिटेंडेंट सुरजीत से इस बारे में चेयरमैन फ्लाइंग दस्ते ने जवाब मांगा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसीलिए उन्हें तुरंत प्रभाव से रिलीव कर दिया गया और डिप्टी सुपरिटेंडेट को परीक्षा का जिम्मा देते हुए यहां हुए हिंदी कक्षा के पेपर को रद्द करने की सिफारिश तक उड़नदस्ते ने कर दी।
परीक्षा शुरू होते ही बाहर निकला प्रश्न पत्र
नगला राजपुतान केंद्र पर जैसे ही परीक्षा शुरू हुई प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्र से बाहर पहुंच गया। इसके बाद धड़ल्ले से यहां पर्चियां बनाईं गई। पर्चियों पर मार्क तक किया गया था कि कौन सी पर्ची कितने नंबर की है। जो पर्चियां उड़नदस्ते को मिलीं उनमें उन्हीं प्रश्नों के जवाब थे जोकि प्रश्न पत्र में पूछे गए थे।
जानिए किस तरह चेयरमैन फ्लाइंग ने दी दस्तक
सबसे पहले टीम साहापुर नुर्द में पहुंची तो यहां सब कुछ ठीक चल रहा था। इसके बाद टीम गांव जौली में पहुंची। यहां पर खिड़की के पास पर्ची मिली। सुपरवाइजर ने फ्लाइंग दस्ते को संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो इस पर टीम ने सुपरवाइजर सुभाष को रिलीव कर दिया गया। यहां से होते हुए टीम नगला राजपुतान सेंटर पहुंची। यहां पर बाहरी वातावरण देखते ही टीम समझ गई कि यहां कुछ गड़बड़ है। टीम भीतर गई तो पूरा परीक्षा केंद्र तो पर्चियों से भरा ही हुआ था बाहर भी पर्चियों के ढेर लगे थे। खिड़की के ऊपर, खिड़की के भीतर और परिसर तक में पर्ची ही पर्ची थी। इस पूरे मामले को लेते हुए सुपरिटेंडेंट सुरजीत को रिलीव कर दिया गया। इसके बाद टीम अमली सेंटर में पहुंची यहां पर भी बाहरी हस्तक्षेप बहुत ज्यादा मिला। परीक्षा केंद्र से टीम को देखकर परीक्षार्थी ने पर्ची बाहर फेंक दी। यहां पर सुपरवाइजर राजेश से पूछताछ की गई तो वह भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसी परीक्षा केंद्र में एक बच्चा भी पर्चियों के साथ पकड़ा गया।
सक्षम हो चुका है यह ब्लॉक
बता दें कि नारायणगढ़ ब्लॉक एक चरण में सक्षम हो चुका है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस तरह हमारे होनहारों को सक्षम किया जा रहा है। इससे पहले भी अंबाला में सक्षम को लेकर ऑडियो वायरल हो चुका है। लेकिन इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।