प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिजीटल इंडिया मुहिम का हिस्सा अब हरियाणा के सभी सरकारी स्कूल बनेंगे। इन सभी स्कूलों में जहां ब्रांडबैंड सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, वहीं प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में भी कंप्यूटर शिक्षा पर जोर दिया जाएगा।
प्राइमरी और मिडिल स्कूलों को भी ब्रांडबैंड कनैक्शन के साथ-साथ एक-एक कंप्यूटर और आपरेटर भी उपलब्ध करवाया जाएगा। अभी तक किसी भी प्राइवेट व मिडिल सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर सुविधा नहीं थी। लेकिन अब डिजीटल इंडिया मुहिम में सभी सरकारी स्कूल कंप्यूटर एजुकेशन व ब्राडबैंड सुविधा के साथ आगे बढ़ेंगे।
अभी कंप्यूटर डाक निपटाने को भटकते हैं शिक्षक
मिडिल व प्राइमरी स्कूलों में न तो कंप्यूटर है और न ही इंटरनैट सुविधा। इंटरनैट सुविधा हाई व सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में भी नहीं है। लेकिन फिर भी अपने स्कूलों का काम चलाने के लिए संबंधित स्कूलों के प्राचार्य व शिक्षक इंटरनैट की वैकल्पिक व्यवस्था करते हैं। कहीं प्राचार्य खुद अपनी डोंगल सुविधा से स्कूलों में इंटरनैट चलाकर जरूरी कंप्यूटर डाक निपटाते हैं, लेकिन बहुत से स्कूल ऐसे हैं, जो इस सुविधा के लिए बाहर साइबर कैफों में भटकते हैं। वे साइबर कैफों में जाकर शिक्षा विभाग की कंप्यूटर डाक को निपटाते हैं। लेकिन अब सभी स्कूलों में ब्राडबैंड सुविधा मिलने के बाद स्कूलचों को बड़ी राहत मिलेगी और शिक्षक भी कंप्यूटर एजुकेशन को और बढिय़ा ढंग से ग्रहण कर पाएंगें।
बीएसएनल से किया जा रहा टाइअप
पूरे हरियाणा भर के सरकारी स्कूलों में इंटरनैट सुविधा उपलब्ध करवाने का काम बीएसएनएल करेगा। हरियाणा शिक्षा विभाग इसके लिए बीएसएनएल से टाईअप कर रहा है। बीएसएनएल को शिक्षा विभाग ने अपनी रिक्वायरमेंट बता दी है और उसी के मुताबिक अब बीएसएनएल अपने इंटरनैट प्लान हरियाणा शिक्षा विभाग को बताएगा।
हरियाणा शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों में ब्रांडबैंड सुविधा शुरू करवाने निर्णय लिया है। इससे स्कूल और ज्यादा अपग्रेड हो जाएंगें। प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में भी कंप्यूटर व आपरेटर उपलब्ध करवाए जाने की योजना पर काम चल रहा है, ताकि वे भी अपनी कंप्यूटर संबंधी डाक निपटाने के लिए परेशान न हों। ये डिजिटल इंडिया मुहिम की ओर से एक बेहतर कदम है।
-जिले सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, हरियाणा शिक्षा विभाग-
हरियाणा शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में ब्राडबैंड सुविधा उपलब्ध करवाने संबंधी प्रस्ताव बीएसएनएल को दिया है। विभाग इस पर काम कर रहा है। अभी इस प्रस्ताव पर जरूरी औपचरारिकताएं निपटाई जा रही है, उसके बाद बीएसएनएल सभी सरकारी स्कूलों में ये सुविधा उपलब्ध करवाएगा।
-रमेश चंद्र आर्य, चीफ जनरल मैनेजर टेलीकॉम, हरियाणा मंडल-