अंबाला सिटी। दो दिनों से बर्फीली हवा के साथ पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। ठंड बढ़ने पर लोग घरों के अंदर ही रहने पर मजबूर हो गए हैं। वीरवार को भी कड़ाके की ठंड होने से शीतलहर चली। तापमान के अनुसार वीरवार को ठंडा दिन दर्ज किया गया। ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहाड़ों से अधिक ठंडा अंबाला का दिन हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, उत्तराखंड के मसूरी और जम्मू कश्मीर के कुछ पहाड़ी इलाकों से भी ठंडा अंबाला हो रहा है। सुबह के समय ठंड का ज्यादा असर देखन को नहीं मिला, लेकिन जैसे ही दोपहर हुई तो ठंड ज्यादा बढ़ गई और शाम को तो बर्फीली हवा चली। अंबाला जिले का अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य तापमान से 5.4 डिग्री कम दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 2.5 डिग्री कम दर्ज किया गया।
उत्तर पश्चिम शीत हवा चलने से रात के तापमान में गिरावट के आसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 13 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पश्चिम शीत हवा चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इस दौरान राज्य में अलसुबह व देर रात्रि को हल्की से मध्यम धुंध रह सकती है। इस दौरान बीच-बीच में हल्की से मध्यम गति से शीत हवा चलने की संभावना बन रही है।
जनवरी के पहले सप्ताह में ठंड ने कंपकंपाया
दिसंबर माह में घना कोहरा होने के साथ ठंड का असर कम ही रहा। जनवरी माह शुरू होते ही ठंड बढ़ गई। लगातार चार दिन तो धूप ही नहीं निकली। बीते 8 दिनों में महज एक ही दिन अच्छी धूप निकली, जबकि दो दिन हल्की धूप होने से ठंड से राहत नहीं मिली। 5 जनवरी के बाद रात के तापमान के साथ ही दिन का तापमान भी 14.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे चल रहा है।
पहाड़ी इलाकों में दिन का तापमान
शिमला- 14.4
कुल्लू- 18.4
नहान- 18.2
सोलन - 19.4
जम्मू- 13.5
मसूरी- 15.3
इस वर्ष आठ दिनों में ऐसा रहा तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
1 जनवरी 14.9 10.0
2 जनवरी 14.2 10.4
3 जनवरी 14.2 11.2
4 जनवरी 12.5 9.3
5 जनवरी 16.9 9.2
6 जनवरी 13.2 8.3
7 जनवरी 10.9 8.4
8 जनवरी 11.6 8.6
अंबाला छावनी में छाए कोहरे में लाइट चालू कर गुजरते वाहन चालक। संवाद