अंबाला सिटी। हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन ने वीरवार को मांगों को लेकर सांकेतिक भूख हड़ताल की। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला और नारेबाजी की। एसोसिएशन के जिला प्रधान कमलजीत बखतुआ ने बताया कि 25 अगस्त 2014 को मंत्रिमंडल के फैसले के अनुसार लिपिक का वेतन पे मैट्रिक्ल लेवल-6 में 35400 होना चाहिए।
वहीं, पुरानी पेंशन की बहाली भी नहीं की जा रही है। यह गलत है। इसके अलावा उन्होंने ऑनलाइन ट्रांसफर में दूरदराज स्थानांतरित का समायोजन, वरिष्ठ सूची अपडेट, विकलांग कर्मियों सहित सभी पदोन्नतियां, एसीपी मामलों का निपटारा व अन्य मांगों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने चेतावनी दी है कि अभी कर्मचारियों की ओर से केवल सांकेतिक भूख हड़ताल की जा रही है। अगर जल्द उनकी मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया तो वे शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने मांग की है कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इस मौके पर सुरिंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, मनोज घई, संजीव कुमार, अजय बक्शी, तरसेम कुमार बजेंद्र कुमार, सुशील कुमार, पवन आर्य, गोपाल कृष्ण, सतबीर सिंह, राजेंद्र कुमार व अन्य मौजूद रहे।