संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। यात्रियों की सुविधा के लिए अंबाला छावनी बस अड्डे पर लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पिछले तीन दिनों से ठप पड़े हैं। विंडो अपडेशन में तकनीकी खराबी के कारण बस अड्डे पर लगी सभी छह डिस्प्ले स्क्रीन काम नहीं कर रही हैं, जिससे यात्रियों को बसों के आने-जाने की सही जानकारी के लिए असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बस अड्डों पर यात्रियों को बसों के आगमन और प्रस्थान की पारदर्शी व सटीक जानकारी देने के लिए ये डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए थे, लेकिन इनमें तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को किसी भी रूट की बसों की सही जानकारी नहीं मिल रही है। न तो बस के समय और न ही कौन-सी बस किस प्लेटफॉर्म से रवाना होगी। इसके अलावा बस के लेट होने या समय में किसी भी प्रकार के बदलाव की सूचना भी तुरंत इन्हीं डिस्प्ले पर प्रदर्शित होती थी, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक असमंजस में नहीं रहना पड़ता था।
पुणे की कंपनी के पास है संचालन का जिम्मा
अंबाला छावनी बस अड्डे पर लगी इन सभी डिस्प्ले का संचालन और रखरखाव पुणे की एक निजी कंपनी की ओर से संभाला जाता है। पिछले तीन दिनों से कंपनी का कर्मचारी सिस्टम की विंडो को अपडेट करने के कार्य में जुटा हुआ है। तकनीकी दिक्कतों के कारण विंडो अपडेट नहीं हो पा रही है, जिसके कारण डिस्प्ले स्क्रीन पर कोई भी डेटा या लाइव जानकारी दिखाई नहीं दे रही है।
जानकारी न मिलने से बस पकड़ना मुश्किल
अनिल कुमार ने बताया कि बस अड्डे पर डिस्प्ले बंद होने के कारण यह पता ही नहीं चल पा रहा है कि बस किस प्लेटफॉर्म से और कितने बजे रवाना होगी, जिससे समय पर बस पकड़ना बहुत मुश्किल हो गया है।
व्यवस्था ठप होने से भटक रहे यात्री
सुनीता देवी ने बताया कि इन डिस्प्ले के बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी नौकरीपेशा महिलाओं को हो रही है। पहले स्क्रीन देखकर तुरंत बस का पता चल जाता था, लेकिन व्यवस्था ठप होने से इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
कंपनी की ओर से समय-समय पर विंडो अपडेट की जाती है, इस बार भी विंडो अपडेशन में थोड़ा समय लग गया। इसे जल्दी ठीक कर दिया जाएगा। -अंकित सोनी, टीम लीडर, वृत्ति सॉल्यूशंस लिमिटेड पुणे
अंबाला छावनी बस अड्डे पर लगे इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर चल रहा विंडो अपडेशन का कार्य। संवाद