अंबाला छावनी में 12 क्रॉस रोड कार्यालय पर प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी। प्रवक्ता
अंबाला/बराड़ा। केंद्रीय परिषद संबंधित एच एस ई बी वर्कर यूनियन की ओर से एसीएस पावर बिजली विभाग को दिए गए नोटिस के अनुसार ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में पूरे हरियाणा प्रदेश में सब यूनिट स्तर पर दो घंटे के सांकेतिक विरोध प्रदर्शन का तीसरा और आखिरी दिन रहा।
मंगलवार को सब यूनिट स्तर पर सभी सब यूनिटों ने यूनियन की ओर से एसीएस पावर के नाम ज्ञापन सब डिवीजन अधिकारी को दिया। सभी सब डिवीजन अधिकारियों अब इस ज्ञापन को कार्यकारी अभियंता को अग्रेषित करेंगे। इस ज्ञापन में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी की कमियां और यूनियन की आपत्तियां दर्ज की गई हैं। जब तक यूनियन की आपत्तियों को दूर नहीं किया जाता तब तक यूनियन इस पॉलिसी का विरोध करेगी। कैंट में सर्कल सचिव सतबीर देसवाल ने कहा, सब यूनिट स्तर पर पॉलिसी का सफलतापूर्वक विरोध करने के बाद अब सभी सब यूनिट अपने कर्मचारियों को लेकर डिवीजन स्तर पर प्रदर्शन करके पॉलिसी का विरोध दर्ज करवाएं। इसी प्रकार बराड़ा में प्रदीप सेहला ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी की त्रुटियों के बारे में बताया। इस अवसर पर अमन बाल्टी, प्रधान दीपक शर्मा, सब यूनिट उपप्रधान प्रिंस बक्सी, खजांची संजीव खेतरपाल, चेयरमैन राजबीर जेई आदि कर्मचारी मौजूद रहे।