अंबाला कैंट की तहसील में बिजली गुल होने पर खाली पड़ी कुर्सियां। संवाद
अंबाला। कैंट तहसील में शुक्रवार को चार घंटे तक बिजली गुल रही। इस कारण दोपहर लगभग एक बजे तक न तो रजिस्ट्री हो पाई और न ही इंतकाल, वहीं लाइसेंस सहित अन्य प्रमाणपत्र बनवाने आए उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें अपने काम के इंतजार में घंटों तहसील कार्यालय में ही बैठना पड़ा।
जेनरेटर को चलाते ही नहीं
तहसील कार्यालय में बिजली की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए सरकार की तरफ से हाईपावर डीजल जेनरेटर भी रखा गया है जोकि अब सफेद हाथी बन चुका है क्योंकि तहसील कार्यालय में लगभग 20 के करीब सरकारी विभाग काम कर रहे हैं और सभी विभागों के आपसी तालमेल में कमी के कारण कोई भी विभागीय अधिकारी जेनरेटर चलाने की तरफ ध्यान नहीं देता। इसलिए न तो इसमें कभी तेल डाला जाता है और न ही इसे चलाया जाता है, सिर्फ वीआईपी आवागमन के दौरान ही कभी-कभार जेनरेटर चलाया जाता है।
जल गए थे बिजली के तार
अंबाला कैंट सब यूनिट नंबर दो के एसडीओ मोहित ने बताया कि तहसील कार्यालय में ट्रांसफार्मर के साथ लगे तार जल गए थे। इसे बदलने में कुछ समय लग गया था, हालांकि इसकी जानकारी भी उन्हें काफी देर बाद दी गई थी। मौके पर पहुंचकर तुरंत समस्या का समाधान करवा दिया गया था।
20 रजिस्ट्री और 50 लाइसेंस बने
बिजली आने पर दोपहर एक बजे तहसील का कार्य शुरू हुआ जोकि शाम छह बजे तक चला। इस दौरान 20 रजिस्ट्रियां की गईं और 50 के करीब नए लाइसेंस व कुछ लाइसेंस रिन्यू किए गए। इस दौरान इंतकाल सहित अन्य प्रमाणपत्रों से जुड़े कार्य भी किए गए।
जनरेटर से संबंधित कोई जानकारी नहीं है कि ये खराब है या फिर अन्य कोई समस्या। बिजली के तार जल गए थे। इसे बदलने में कुछ समय लग गया था और दोपहर बाद काम शुरू करवा दिया गया था।
- आशीष, नायब तहसीलदार,अंबाला कैंट।
अंबाला कैंट की तहसील में बिजली गुल होने पर खाली पड़ी कुर्सियां। संवाद