नारायणगढ़। नारायणगढ़ में बन रहे 100 बेड के अस्पताल का काम लगभग पूरा हो गया है। विभाग की ओर से अस्पताल में बिजली का लोड बढ़ाने के लिए डीजी हेल्थ को पत्र लिखा है। इसमें चार लाख का बजट मांगा गया है। बजट की मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में बिजली का लोड बढ़ाया जाएगा। नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य इस माह के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। अभी तक 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
बिजली की बढ़ेगी खपत
विभाग के अनुसार पहले अस्पताल का लोड 130 किलो वॉट था। अब भवन में बदलावों के चलते बिजली की अधिक खपत होगी। इसी कारण अब यह लोड 438 किलो वॉट हो जाएगा। नए भवन में आधुनिक उपकरणों से लेकर बच्चों के लिए विशेष वार्ड भी बनाया जा रहा है। इसके साथ ही नई लैब और फिजियो केंद्र भी शुरू होगा। जिसके लिए बिजली का लोड बढ़ाने की आवश्यकता है।
तीन वर्ष पहले शुरू हुआ था कार्य
2015 में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत इस अस्पताल का विस्तार होना था। इसके बाद 2022 में अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू किया गया। शुरू में 22 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल के नए भवन को बनाया जा रहा है। बदलाव के कारण भवन के निमार्ण कार्य को पूरा होने में समय लग रहा है। पुरानी बिल्डिंग से भी नए भवन को जोड़ा जा रहा है। इससे मरीजों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।
वर्जन
हमारी ओर से बिजली का लोड बढ़ाने की मांग भेज दी गई है। जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद आगे का कार्य शुरू किया जाएगा।
-डॉ. संजीव सिंगला, नोडल अधिकारी, बिल्डिंग ब्रांच स्वास्थ्य विभाग, अंबाला।