संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बिजली विभाग के कर्मचारियों की कथित लापरवाही के चलते एक 71 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल महिंद्र पाल, वर्तमान में पंचकूला के एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं।
उनके बेटे अरुण कुमार ने बिजली निगम के कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घायल के गर्दन में फ्रैक्चर आया है। इस शिकायत पर पंजोखरा थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 125, 125 ए व 125 बी के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता अरुण कुमार ने तहरीर में बताया कि वह दिल्ली के रजौरी गार्डन में रहते हैं और वहीं पर बिजनेस करते हैं। अंबाला से उनकी माता गुरदेवी ने फोन पर बताया कि पिता महिंद्र पाल का एक्सीडेंट हो गया है। वह 11 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी एक्टिवा पर अपने घर लौट रहे थे। जब वे बोह रोड पर जेबी ग्लोबल स्कूल के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि बिजली विभाग के कर्मचारी सड़क पर बिजली के खंभे लगा रहे थे और तारें सड़क पर ही पड़ी हुई थीं।
अरुण कुमार ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने राहगीरों की सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी चिह्न नहीं लगाए थे। उनके पिता महिंद्र पाल, सड़क पर पड़ी बिजली की तारों में फंसकर अपनी एक्टिवा समेत गिर गए।
इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्हें लकवा भी मार गया। दुर्घटना के बाद महिंद्र पाल को सबसे पहले बोह के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें मिलिट्री अस्पताल, अंबाला कैंट रेफर कर दिया गया।