अंबाला सिटी। राजकीय औद्योगिक संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदन करने की तारीख बढ़ने का छात्र भरपूर फायदा उठा रहे हैं। इसी वजह से अब रोज आवेदनों की संख्या बढ़ रही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रविवार को सरकारी आईटीआई में विभिन्न ट्रेड में दाखिले के लिए 200 से अधिक छात्राओं ने ने आवेदन किया। अब तक शहर की सरकारी आईटीआई में आवेदन करने वालों की संख्या 2100 को पार कर गई है। इसमें अधिकतरने इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक, डीजल, कोपा, फिटर ट्रेड चुनी है। जबकि अन्य ट्रेड में भी दाखिले के लिए भी धड़ाधड़ आवेदन कर रहे हैं। संस्थान के प्राचार्य भूपिंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि इन सभी के साथ अन्य व्यवसाय की बाजार मांग भी बहुत अच्छी है। जिसमें रोजगार और उच्च शिक्षा के भरपूर अवसर हैं उन ट्रेड को चुनने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जा रहा है।
युवाओं को सही ट्रेड चुनने के लिए किया जाएगा जागरूक
ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ट्रेड चुनने में कोई परेशानी न हो। इसके लिए संस्थान द्वारा पूछताछ केंद्र स्थापित किया जा रहा है। जो आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों और अभिभावकों को ट्रेड के हिसाब से बाजार मांग, रोजगार, उच्च शिक्षा एवं स्वरोजगार के बारे में जानकारी प्रदान करेगा। इसके साथ साथ संस्थान द्वारा इस बात का भी प्रचार प्रसार किया जाएगा की आईटीआई के कोर्स पूर्ण करने के उपरांत बैंक एवं अन्य वित्तीय संस्थाओं द्वारा ट्रेनीज को ऋण प्राप्त करने की सुविधाएं किस-किस प्रकार से प्रदान की जाती है। पूर्व में भी जिन अभ्यर्थियों द्वारा बैंकों के लोन लेकर अपने उद्योग धंधे स्थापित किए हैं उनसे भी इस बारे में मदद प्राप्त की जा रही है।
हसनपुर नग्गल में भी दाखिले के लिए आ रहे आवेदन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हसनपुर नग्गल में दाखिले के लिए आवेदन आ रहे हैं। यह एक नवनिर्मित उत्कृष्ट संस्थान है इसमें कोपा और फिटर व्यवसाय में 24-24 ट्रेनीज दाखिला ले सकते हैं। संस्थान में दाखिला लेने के लिए भी युवाओं को प्रेरित किया जा रहा है।