संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। लगातार हो रही बारिश के कारण अंबाला मंडल के अधीन राजपुरा-बठिंडा रेल खंड पर स्थित धूरी रेलवे स्टेशन पर जलभराव हो गया। इस कारण स्टेशन के प्लेटफार्म एक और दो पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया, इसको देखते हुए रेलवे ने दिल्ली से अंबाला के बीच संचालित होने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को पूर्ण तौर पर रद कर दिया, वहीं जालंधर से दिल्ली के बीच संचालित ट्रेन को मेरठ स्टेशन पर रद करके पुन: संचालित किया गया, जबकि धनबाद से फिरोजपुर के बीच चलने वाली गंगा-सतलुज एक्सप्रेस को भी राजपुरा-अंबाला रेल खंड की बजाय बदले मार्ग से चलाया गया।
इन ट्रेनों पर पड़ा असर
ट्रेन नंबर 13308 फिरोजपुर-धनबाद गंगा-सतलुज एक्सप्रेस को अंबाला की बजाय लुधियाना-मोगा-फिरोजपुर के रास्ते और ट्रेन नंबर 13307 को फिरोजपुर-लुधियाना-मोगा के रास्ते संचालित किया गया, वहीं ट्रेन नंबर 14682 जालंधर सिटी-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को मेरठ तक चलाया गया, इसलिए ट्रेन नंबर 14681 दिल्ली-जालंधर इंटरसिटी का संचालन मेरठ से किया गया जबकि दिल्ली और अंबाला कैंट के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 14521 को बुधवार को पूर्ण तौर पर रद रखा गया।
मौके पर पहुंचे डीआरएम
अंबाला मंडल के धूरी स्टेशन पर जलभराव की सूचना के बाद ट्रेनों का संचालन अस्थायी तौर पर रोक दिया गया। सूचना मिलते ही अंबाला मंडल के रेल प्रबंधक विनोद भाटिया दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान रेलवे ट्रैक से पानी की निकासी के लिए रेलवे ने पंप लगा दिए थे, हालांकि रुक-रुक हो रही बारिश के कारण राहत कार्य में बाधा आती रही। दोपहर तक हालात सामान्य होने के बाद ट्रेनों के संचालन को लेकर हरी झंडी दी गई।
11 ट्रेनें चली देरी से
बारिश के कारण जहां रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ, वहीं ट्रेनों का संचालन भी देरी से किया गया। इस दौरान अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेन नंबर 14507 दिल्ली-फाजिल्का एक्सप्रेस 2:30 घंटे की देरी से पहुंची। इसी प्रकार 14679 दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस 1:20 घंटे, 12053 हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी 1:30 घंटे, 20807 विशाखापट्नम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस तीन घंटे, 12903 बांद्रा-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल 2:30 घंटे, 14604 अमृतसर-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस एक घंटा, 64512 अंब अंदौरा-हरिद्वार एक घंटा, 11058 अमृतसर-मुंबई एक घंटा, 12498 अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब 1:30 घंटे, 12449 मडगांव-चंडीगढ़ गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 3:30 घंटे, 14735 श्रीगंगानगर-अंबाला कैंट एक घंटे की देरी से गंतव्य स्टेशन पर पहुंची।
धूरी स्टेशन पर पानी भर गया था। इस कारण रेलवे लाइन प्रभावित हुई थी। पंप लगाकर पानी निकलवा दिया गया है, वहीं बारिश के कारण 18 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा, इसमें 11 ट्रेनें देरी से गंतव्य स्टेशन पर पहुंची।
एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।
अंबाला रेल मंडल के अधीन धूरी रेलवे स्टेशन पर जलभराव। रेलवे