मुलाना में ड्रोन सर्वे के दौरान मौजूद सरपंच प्रवीन कुमार व अन्य। संवाद
मुलाना। आदर्श ग्रामीण योजना के तहत भारत सरकार की पहल से एनआईसी के तहत मुलाना गांव में ड्रोन सर्वे कराया गया। इससे गांव के विकास कार्यों की रफ्तार तेज होगी और गांव का स्वरूप भी बदलेगा।
सरपंच प्रवीन कुमार ने बताया कि इस सर्वे के लिए पूरे हरियाणा में सिर्फ दो गांवों को चुना गया है। इसमें मुलाना और पतरेहड़ी गांव शामिल हैं। सर्वे का कार्य मुंबई से आई कंपनी के जावेद और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने कहा, गांव को इस महत्वपूर्ण योजना के लिए चुना जाना गर्व की बात है। ड्रोन सर्वे से गांव की जरूरतों को बेहतर समझने और योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित करने का मौका मिलेगा।
यह कदम न सिर्फ गांव की तरक्की की ओर एक मजबूत कदम है, बल्कि डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। ड्रोन तकनीक के उपयोग से मुलाना और पतरहेड़ी जैसे गांवों का तेजी से विकास होने की उम्मीद है, इससे ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास संभव होगा।
ड्रोन सर्वे से ये होंगे फायदे
ड्रोन सर्वे की मदद से गांव की भौगोलिक स्थिति, जमीन की सही माप, जल निकासी की समस्याएं, सड़क मार्ग, सार्वजनिक स्थानों की स्थिति और अन्य बुनियादी ढांचे की सटीक जानकारी मिलेगी। इस डेटा के आधार पर प्रशासन को योजनाएं बनाने और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता मिलेगी।