अंबाला सिटी। स्वास्थ्य विभाग और अंबाला पुलिस की संयुक्त टीम ने लिंग जांच करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में दबिश दी। विभाग को सूचना मिली थी कि यूपी से एक डॉक्टर या झोलाछाप पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर हरियाणा के विभिन्न जिलों में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच कर रहा है।
अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक फर्जी मरीज डिकॉय तैयार कर दलालों से संपर्क किया। दलाल ने कुरुक्षेत्र में अल्ट्रासाउंड कराने का झांसा देकर टीम को बुलाया। हालांकि, रास्ते में दलाल अपनी लोकेशन बदलने लगा और टीम को उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की कोशिश करने लगा।
भागने की कोशिश, पुलिस ने पकड़ा :डॉक्टर मुकेश ने बताया कि जैसे ही दलालों को शक हुआ, उन्होंने भागने का प्रयास किया लेकिन मुस्तैद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दो दलालों को हिरासत में ले लिया, इनमें से एक को कुरुक्षेत्र के पास से हेल्थ वर्कर व एक अंबाला के व्यक्ति को पकड़ा। हालांकि बलदेव नगर थाने में पूछताछ के बाद हेल्थ वर्कर व एक अन्य दलाल को छोड़ दिया गया।