अंबाला। आवारा कुत्तों का आंतक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला वीरवार को सामने आया, जब डिफेंस कॉलोनी सेक्टर सी में घर के बाहर खेल रहे एक मासूम को आवारा कुत्ते ने बुरी तरह से नोच लिया।
आठ वर्षीय बच्चे के पिता संजय ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। अचानक एक काले रंग का कुत्ता आया और वह बेटे पर झपट पड़ा। कुत्ते ने उसके बेटे की बाजू को बुरी तरह से नोच लिया। शोर सुनकर परिजन घर से बाहर आए और बेटे को कुत्ते के चंगुल से मुक्त करवाया। उसे तुंरत अंबाला कैंट के सामान्य अस्पताल लाया गया। यहां बाजू पर दो टांके और लगभग पांच टीके लगाए गए ताकि बेटे को कोई नुकसान न हो।
विदित हो कि कुत्तों की नसबंदी को लेकर टीकाकरण का टेंडर हुए एक साल से नहीं हुआ है। नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक का कहना है कि इस संबंध में मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है और वो टेंडर को लेकर भी आागामी कार्रवाई कर रहे हैं।