अंबाला। एनडीपीएस मामले में वांछित महिला आरोपी की तलाश में डेहा कॉलोनी पहुंची पुलिस टीम पर कुत्ता छोड़ने, तलवार लेकर हमला करने और आग लगाकर जलाकर मारने व जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी के प्रभारी बलकार सिंह ने लगाए हैं। पुलिस ने शिकायतकर्ता बलकार सिंह की शिकायत पर डेहा कॉलोनी निवासी मंजीता, उसके पुत्र अलबख्श और गूंगा व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार पुलिस इंस्पेक्टर नरेश कुमार का वीरवार को फोन आया था कि डेहा कॉलोनी निवासी मंजीता एनडीपीएस मामले में वांछित है। उन्होंने मंजीता की तलाश के लिए उप निरीक्षक ऊषा रानी, हवलदार सीमा, निर्मल सिंह और गाड़ी चालक ईश्वर सिंह के साथ वह डेहा कॉलोनी पहुंचे। इस दौरान मंजीता अपने घर से बाहर आई और अपने पुत्र को कह कर टीम पर कुत्ता छोड़ दिया। मंजीता के परिवार के सदस्य तलवार लेकर चार-पांच साथियों के साथ आए और ललकारते हुए पुलिस को आग लगाकर जान से मारने की धमकी देने लगे।