अंबाला सिटी। 134-ए के तहत बच्चों को दाखिला देने से मना कर रहे निजी स्कूलों के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। निदेशालय की ओर से पत्र जारी कर निजी स्कूल संचालकों को आखिरी सुनवाई के लिए निदेशालय बुलाया गया है। यहां उनसे दाखिला न देने के संबंध में सवाल किए जाएंगे। अगर संचालक संतुष्टि भरा जवाब नहीं दे पाते हैं तो उनके खिलाफ निदेशालय की ओर से कार्रवाई या फिर मान्यता रद्द करने जैसा निर्णय भी लिया जा सकता है।
विभिन्न चरणों में 59 स्कूलों के प्राचार्य निदेशालय में पेश होंगे। दूसरी ओर, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान सौरभ कपूर ने बताया कि उनका 134-ए के संबंध में कोर्ट में केस चल रहा है। इस दौरान उनकी ओर से जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह कानूनी रूप से होगा। कोर्ट की ओर से साफ कहा कि गया है सरकार स्कूलों पर 134-ए के तहत बच्चों को दाखिला देने के लिए दबाव नहीं बना सकती है। इसलिए उनकी ओर से सभी जवाब कानून के दायरे में रहते हुए दिए जाएंगे।
परेशान अभिभावक लगा चुके सभी जगह गुहार
बच्चों को दाखिला न मिलने से परेशान अभिभावक अधिकारियों, गृहमंत्री सहित उपायुक्त के समक्ष भी कई बार गुहार लगा चुके हैं। फिलहाल 900 से अधिक बच्चे ऐसे हैं, जिन्हें दाखिला नहीं मिला है। उनके अभिभावक सरकारी कार्यालयों और स्कूलों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं अधिकारियों की ओर से भी केवल आश्वासन दिया जा रहा है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बच्चों को दाखिला मिल जाएगा।
निदेशालय की ओर से स्कूलों को नोटिस भेज दिए गए हैं। जो भी निर्देश आएंगे, उसके अनुसार की आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-सुरेश कुमार, डीईओ, अंबाला।