संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी और सिटी के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने और बिजली चोरी पर लगाम कसने के लिए बिजली निगम ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। योजना के तहत पुरानी और जर्जर तारों को हटाकर उनकी जगह नई और मोटी आर्मर्ड केबल डाली जा रही हैं।
छावनी के सेक्टर-34, कच्चा बाजार, सदर बाजार, उगाड़ा और अंबाला सिटी के कई प्रमुख इलाकों में जर्जर तारों को बदलने का काम चल रहा है। इन नई तारों के लग जाने से जहां बार-बार होने वाले फाल्ट से राहत मिलेगी, वहीं बिजली चोरी पर भी पूरी तरह से अंकुश लग सकेगा।
जर्जर तारें बदलने का यह कार्य गर्मियों के मौसम में शुरू किया गया था। हालांकि, तार बदलने के दौरान संबंधित इलाकों में लंबे समय के लिए बिजली कट लगाने पड़ते थे। भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी को देखते हुए इस काम को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। अब स्थिति सामान्य होने पर पिछले सप्ताह से केबल बदलने की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है।
कुंडी लगाकर चलाई जा रही थीं ई-रिक्शा और मोटरें : बिजली निगम को अंबाला छावनी के सेक्टर-34 से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। यहां कुछ लोग बिजली की नंगी तारों पर कुंडी डालकर अवैध रूप से ई-रिक्शा चार्ज कर रहे थे जबकि घरों की लाइटें और पानी की मोटरें भी इसी चोरी की बिजली से चलाई जा रही थीं। निगम की टीमों द्वारा पूर्व में छापेमारी भी की गई, लेकिन विभागीय गाड़ी देखते ही आरोपी तुरंत कुंडी हटा लेते थे।