अंबाला। राजस्थान के भक्त जल्द ही सीधे मां वैष्णो के दरबार में हाजिरी लगा सकेंगे। रेलवे ने यात्री सुविधाओं में विस्तार करते हुए दिल्ली और कटरा के बीच चलने वाले जम्मू मेल को उदयपुर से संचालित करने का फैसला किया है। ट्रेन संचालन को लेकर समय सारिणी सहित स्टेशन पर ठहराव की सूची भी जारी कर दी गई है, हालांकि अभी ट्रेन के उदयपुर से चलने की तारीख घोषित नहीं की गई है। रेलवे की नई समय सारिणी के तहत जल्द ही ट्रेन नंबर 04033/34 पुरानी दिल्ली-कटरा स्पेशल का संचालन बदलने वाला है।
ट्रेन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की जगह अब राजस्थान के उदयपुर से संचालित होगी जोकि अलग-अलग शहरों को कवर करते हुए कटरा रेलवे स्टेशन तक पहुुंचेगी। ट्रेन संचालन को लेकर रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जबकि ट्रेन के उदयपुर और कटरा से चलने का समय जारी कर दिया है। ट्रेन नंबर 04033 उदयपुर रेलवे स्टेशन से रोजाना सुबह 6.40 बजे चलकर रात 8.05 बजे पुरानी दिल्ली, रात 11.50 बजे अंबाला छावनी और अगले दिन सुबह 9.20 बजे कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04034 कटरा रेलवे स्टेशन से रोजाना दोपहर 2.05 बजे रवाना होकर रात 12.28 बजे अंबाला छावनी, सुबह 4.30 बजे पुरानी दिल्ली और शाम 5 बजे उदयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
26.40 घंटे में पूरा करेगी 1332 किलोमीटर का सफर
22 कोच की ट्रेन 1332 किलोमीटर का सफर लगभग 26.40 घंटे में पूरा करेगी। ट्रेन बीच रास्ते 38 स्टेशनों पर रुकेगी। उदयपुर से चलने के बाद ट्रेन राणा प्रताप नगर, मालवी जंक्शन, कापासान, चितौड़गढ़, भीलवाड़ा, बैजनगर, नसीराबाद, अजमेर,किशनगढ़, फुलेरा, रिंगास, नीम का थाना, नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली जंक्शन, सब्जी मंडी, आदर्श नगर, नरेला, सोनीपत, समालखा, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला छावनी, लुधियाना, फगवाड़ा, जालंधर कैंट, दसुआ, मुकेरियां, पठानकोट कैंट, कठुआ, हीरानगर, विजयपुर जम्मू, जम्मूतवी व उधमपुर रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
नई समय सारिणी के तहत होगा संचालन
रेलवे ने ट्रेनों की नई समय सारिणी तैयार की है। कुछ ट्रेनों के समय, स्टेशन और यात्रा अवधि में बदलाव किया है, हालांकि अभी नई समय सारिणी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है कि यह कब लागू होगी। जम्मू मेल की भी उदयपुर से संचालित होने की जानकारी मिली है। ट्रेन के चलने की तारीख जैसे ही घोषित होगी तो तुरंत जानकारी साझा कर दी जाएगी। अभी ट्रेन पुरानी दिल्ली से ही कटरा के बीच संचालित हो रही है।
-वीके पूरवाल, एपीआरओ, उत्तर रेलवे।