- गलियों, नालियों और इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़कों का निर्माण व चौक और गेट का होगा सौंदर्यीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर में 81.29 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे। इसके लिए विभिन्न वार्डों के लिए निविदाएं जारी की गई हैं। आवेदन की अंतिम 28 फरवरी निर्धारित की गई है। नगर परिषद की ओर से तैयार की गई परियोजनाओं के तहत धर्मशाला का निर्माण, सड़कों का सुधारीकरण, नालियों का निर्माण, चौक और गेट का सौंदर्यीकरण, स्वागत द्वार की मरम्मत, आरसीसी शेड व शौचालय बनाए जाएंगे।
यहां होंगे काम
नगर परिषद के अधीन मोची मंडी में आंबेडकर चौक का निर्माण किया जाएगा। इस पर लगभग 3.11 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी प्रकार गुड़गुडि़या नाले के साथ 5.92 लाख रुपये की लागत से दीवार का निर्माण, वार्ड नंबर 18 में 5.12 लाख की लागत से गली का निर्माण, अंबाला सदर में मैनहोल के टूट चुके ढक्कन पर 3.20 लाख रुपये, वार्ड नंबर 5 बब्याल के दशई घर में 9.75 लाख की लागत से शेड का निर्माण, 10.61 लाख की लागत से संत शिरोमणि गुरु रविदास हाॅल का निर्माण, भूमिगत ड्रेन के लिए 8.51 की लागत से पाइप, वार्ड नंबर 19 में 8.22 लाख की लागत से गली का निर्माण, 4.25 लाख की लागत से स्वागत द्वार की रिपेयर, बीसी बाजार में 13.78 लाख की लागत से धर्मशाला का निर्माण, वार्ड नंबर 12 में 11.93 लाख की लागत से गली का निर्माण किया जाएगा।
वार्ड स्तर पर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई थी। यह कार्य स्थानीय पार्षद के आग्रह पर करवाए जाएंगे ताकि स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिल सकें। इन विकास कार्याें की निविदा जारी कर दी गई है। दस्तावेज प्राप्त होते ही कार्य आदेश जारी करके निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा।
- देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सदर, अंबाला