अंबाला सिटी। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों ने सोमवार को शहर के नए बस अड्डे पर स्थानांतरण पॉलिसी के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता सभी यूनियन के डिपो प्रधान रविंद्र राणा महावीर पाई, सरबजीत सिंह आनंद ने की, संचालन डिपो सचिव संजय कालता द्वारा किया गया। प्रदर्शन में सांझा मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में महाप्रबंधक के जरिए प्रदेश सरकार को परिवहन मंत्री द्वारा स्थानांतरण पॉलिसी के विरोध में ज्ञापन देकर विरोध प्रकट किया गया। हालांकि इस विरोध प्रदर्शन में बसों के रूट प्रभावित नहीं हुए।
सभी कर्मचारी सोमवार को रोडवेज वर्कशॉप में एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए अंबाला शहर बस स्टैंड पर पहुंचे। यहां बताया गया कि सरकार ने 50 से 60 किलोमीटर स्थानांतरण की बात रखी थी। वहीं अब 250 से लेकर 300 किलोमीटर तक के कर्मचारियों के तबादले किए जा रहे हैं। जिसके कारण कर्मचारी खफा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि उनके स्थानांतरण तत्काल वापस नहीं हुए तो वह विरोध करेंगे। स्थानांतरण की नीति में प्राथमिकता के आधार पर देकर तबादला किए जाएं। सरकार ने जल्द से जल्द कोई निर्णय नहीं लिया तो रोडवेज का कर्मचारी 11 जून को फरीदाबाद स्थित परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा के आवास का घेराव करेंगे। इसके बाद भी परिवहन मंत्री सरकार से बातचीत करके मांगी हुई मांगों को लागू नहीं करते हैं तो 26 जून को पूरे प्रदेश का रोडवेज कर्मचारी आम लोगों के साथ एक दिन का चक्का जाम करेंगे।