गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सोमवार अपने निवास स्थान पर लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान अंबाला में पटवारी द्वारा इंतकाल नहीं करने की शिकायत पर गृह मंत्री अनिल विज ने डीसी अंबाला को जांच कर 15 दिन में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। वहीं, यूक्रेन से लौटे विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने मुलाकात की और सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद जताया और देश में शेष मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने की मांग की। यूक्रेन से लौटे अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल व अन्य जिलों के दर्जनों विद्यार्थियों ने कहा कि सरकार यदि समय रहते सही कदम नहीं उठाती तो उनका वापस लौटना और मुश्किल भरा हो जाता। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पूरी हो, इसके लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। गृहमंत्री ने इस संबंध में अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बता दें कि मंत्री विज ने भी यूक्रेन से हरियाणा के छात्रों को सकुशल वापस लाने के लिए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से पत्राचार किया था।
विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थी चिराग सबलोक, अंकुर शर्मा, रीतिक मलिक, विदित कंबोज, साक्षी कंबोज, मनप्रीत कौर, डोली एवं अन्य ने गृहमंत्री अनिल विज को बताया कि वह तिरंगा लेकर सड़कों पर निकलते थे और सैनिक तिरंगा देखकर उन्हें आगे बढ़ने देते थे। कई सैनिकों ने उन्हें बार्डर तक पहुंचने में मदद भी की। उन्होंने बताया कि कई पाकिस्तानी छात्र भी तिरंगा उठाकर सुरक्षित बॉर्डर तक पहुंचे थे।
गृहमंत्री अनिल विज के समक्ष पानीपत निवासी सुरजीत कौर ने अपनी बेटी दविंद्र कौर की हत्या मामले में सही कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की और इस मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाई। जिस पर गृह मंत्री अनिल विज ने सीबीआई जांच की सिफारिश के लिए शिकायत मुख्यमंत्री को भेजी। इसी तरह, करनाल में सेना में भर्ती के नाम पर ठगी मामले में कार्रवाई न होने की शिकायत पर मामले में जांच करने एवं इस केस के आईओ की भी भूमिका पर जांच कर एक्शन लेने के आदेश करनाल एसपी को दिए। इसी तरह सोनीपत में हत्या मामले में गृहमंत्री विज ने एसपी सोनीपत को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कुरुक्षेत्र में प्रॉपर्टी पर कब्जा करने के मामले में एसपी को केस दर्ज करने के निर्देश दिए।