अंबाला। बीडी फ्लोर मिल निवासी 32 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ मोनू का शव रविवार को नन्हेड़ा के निकट टांगरी बांध स्थित रेलवे लाइन पर मिला। जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि एक दिन पहले ही बच्चों की लड़ाई को लेकर विवाद हो गया था। मोहल्ले के करीब 10 से 12 लोगों ने घर पर हमला कर दिया था। इस हमले में हरप्रीत सिंह व उनकी पत्नी खुशबू और बच्चों को काफी चोटें आई थी।
मारपीट के बाद महेश नगर थाने में भी शिकायत दी थी और हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। हमलावर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। ऐसे में रविवार शाम को करीब पांच बजे सूचना मिली कि हरप्रीत का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ है। पत्नी खुशबू ने हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने के आरोप लगाए हैं। महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश दलाल का कहना है कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया था। रेलवे ट्रैक पर मिले शव मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।