अंबाला। उपायुक्त विक्रम सिंह ने जिले में अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक अपने कार्यालय में ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी अवैध निर्माण नहीं होना चाहिए। यदि कोई शिकायत मिलती है तो उस पर तुरंत कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने जिला नगर योजनाकार से अवैध निर्माण के दृष्टगित उनके विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी हासिल की। जिला नगर योजनाकार सविता जिंदल ने उपायुक्त को अवगत करवाते हुए बताया कि उनके विभाग द्वारा फरवरी में तीन व्यक्तियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं रैस्टोरेशन संबंधित नोटिस जारी करते हुए सात एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि टीम ने मुलाना में एक जगह अवैध निर्माण ध्वस्त किया है। इसके साथ-साथ रिकवरी के तौर पर 39540 रुपये की राशि वसूली गई है।
उपायुक्त ने नगर निगम व एनएचएआई के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि अगर सड़क पर अतिक्रमण होता है तो संबंधित व्यक्ति को नोटिस देते हुए कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने बैठक में यह भी कहा कि एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक अवैध निर्माण नहीं होना चाहिए। इस कार्य की गतिविधि पर नगर निगम व संबंधित विभाग के अधिकारी ध्यान रखें। बैठक में एसडीएम हितेष कुमार, डीएमसी अमन ढांडा, डीआारओ कैप्टन विनोद शर्मा, कार्यकारी अभियंता जसविंद्र मलिक, एसडीओ सुमित दलाल, डीएसपी राम कुमार, तहसीलदार मनीष कुमार मौजूद रहे।