संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। गुरु तेग बहादुर साहिब कबड्डी क्लब ने चौधरी फूलचंद क्रीड़ा आंगन में प्रो-स्टाइल कबड्डी टूर्नामेंट आयोजित किया। इस आयोजन की मुख्य बात बेटियों की दमदार भागीदारी रही।
उन्होंने अपने शानदार दांव-पेच से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समाजसेवी नरेंद्र सिंह बिल्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि सीआईए इंचार्ज सुरेंद्र मेहला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मुकाबले शुरू कराए और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
सुरेंद्र मेहला ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। क्लब आयोजकों का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को नशे से दूर रखना है। मौके पर पूर्व सरपंच नरेश चौहान मौजूद रहे।