अंबाला। गांव होली बस स्टैंड के निकट बुधवार देर रात एक तेजरफ्तार बाइक ने व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गांव होली निवासी 49 वर्षीय राज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगने के कारण आनन-फानन में उसे मुलाना मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया। जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि मृतक के पास एक बेटा व बेटी है। तीन साल बाद ऑस्ट्रेलिया से आकर बेटी ने अपनी रोके की रस्म निभाई थी और 30 अप्रैल को लौटी थी।
अभी घर में खुशी का माहौल था। महज तीन दिन बाद ही बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने रोहित ढुल की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव होली निवासी रोहित ढुल ने बताया कि वह बुधवार शाम को निजी काम से गांव के बस स्टैंड पर आया था। वह उसके पड़ोसी राज कुमार के साथ बातचीत कर रहा था। तभी गांव दोसड़का की तरफ से एक तेज रफ्तार बाइक आई और राज कुमार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राज कुमार सड़क पर गिर कर लहूलुहान हो गया था।