नगर निगम से नो ड्यूज सर्टिफिकेट हासिल करना जनता के लिए चुनौती बन गया है। लंबे समय से उपभोक्ता एनडीसी के लिए नगर निगम में चक्कर काट रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को लोग अपनी एनडीसी की स्थिति जानने के लिए नगर निगम में पहुंचे तो निगम कर्मचारी उस समय कार्यालय के बाहर एक पोस्टर चस्पा कर रहे थे, जिस पर लिखा था कि नौ जुलाई तक जिन लोगों ने एनडीसी के लिए आवेदन किया था वह डिस्पोज ऑफ हो गया है। इसीलिए एनडीसी लेने के लिए दोबारा से आवेदन करें। इस पर लोगों ने नाराजगी जताई।
मैंने अपने एक प्लॉट की एनडीसी लेने के लिए कई दिन पहले आवेदन किया था, जिसकी एक दो दिन में शायद एनडीसी मिल भी जाती। आज उसी का पता करने के लिए निगम में आया था, लेकिन यहां तो कर्मचारियों ने दरवाजे पर अभी तक दिए गए एनडीसी के आवेदनों को ही डिस्पोज ऑफ होना बता दिया है। ऐसे में हमारा काम तो शायद अब लंबा लटकने वाला है। पूछो तो कहते हैं यहां सब ठीक है ऊपर से ही साइट में कोई समस्या आई है।
- जसबीर वर्मा।
मुझे अपने घर की रजिस्ट्री पर लोन लेना है जिसकी फाइल बैंक के पास पड़ी है, लेकिन एनडीसी न होने के कारण बैंक ने लोन पर सहमति नहीं दिखाई। करीब एक सप्ताह पहले मैंने एनडीसी लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, जिसका पता करने के लिए मैं यहां आया था। अब कह रहे हैं कि पहले का डाटा नष्ट हो गया है। आप दोबारा से आवेदन करो। सरकार को अपने सिस्टम में बैकअप की व्यवस्था रखनी चाहिए थी, जिससे कि आम नागरिकों को परेशानी न होती।
- शिव कुमार।
मैंने एक एनडीसी लेने के लिए आवेदन किया था, जिसकी रजिस्ट्री भी बुधवार को होनी है। क्योंकि पार्टी को समय दिया हुआ है। ऐसे में विभाग की एनडीसी साइट से जनता का डाटा डिस्पोज ऑफ होना हमारे लिए चिंता का कारण बन गया है। आज आवेदन करते हैं तो भी बुधवार तक एनडीसी नहीं मिलने वाली, उधर बुधवार को तहसील में रजिस्ट्री की तारीख तय है। ऐसे में क्या करें क्या न करें कुछ समझ नहीं आ रहा है।
डाटा अपडेट किया जा रहा है, इसीलिए थोड़ी दिक्कत आ रही है। नौ जुलाई से पहले आवेदन करने वालों को अब दोबारा से आवेदन करना होगा।
-धीरेंद्र खडगटा, निगम आयुक्त।