संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर शुक्रवार को बाजारों में रौनक देखने को मिली। पर्व की तैयारियों के तहत व्रती महिलाओं और उनके परिजनों ने छावनी की सब्जी मंडी, चूना चौक, दाल बाजार और चौड़ा बाजार में पहुंचकर पूजन सामग्री की खरीदारी की। बाजारों में बांस से बने बड़े टोकरे, छोटी टोकरियां और सूप की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ नजर आई।
श्रद्धालुओं ने छठ पूजा के लिए जरूरी पारंपरिक सामग्री अलता पत्ता, बद्दी, आम की सूखी लकड़ी, धूप, जनेऊ, सिंदूर और कपूर की खरीदारी की। इसके साथ ही मौसमी और पारंपरिक फलों की भी खूब मांग रही। लोगों ने गन्ना, कच्ची हल्दी, हरी अदरक, संतरा, केला, चकोतरा, अनानास, सूखा नारियल, कैथा और स्टार फ्रूट सहित अन्य पूजन सामग्री खरीदी। बाजारों में खरीदारी के दौरान छठी मइया के प्रति श्रद्धा और पर्व को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया।
-
कठिन साधना और शुचिता का पर्व है छठ
रेलवे कॉलोनी निवासी सुनीता देवी ने बताया कि छठ महापर्व उनके लिए केवल त्योहार नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धता और कठिन साधना का पर्व है। बाजार से सूप, टोकरी और फल खरीदने के बाद उनका मन पूरी तरह छठी मइया की भक्ति में रम गया है।
पूजा के गन्ना, हल्दी और फलों की खरीदारी की
छावनी निवासी किरण ने बताया कि सब्जी मंडी चौक पर छठ पूजा से जुड़ी हर जरूरी सामग्री आसानी से मिल गई। उन्होंने बांस के सूप और टोकरी के साथ-साथ गन्ना, हल्दी, अदरक और सभी मौसमी फल खरीदे। छठ पर्व से उनकी आस्था जुड़ी है।
-
छठ पूजा की खरीदारी का अलग आनंद
बीडी मिल निवासी पूनम ने बताया कि छठ पूजा की खरीदारी का अलग आनंद है। इस बार बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं और लोग श्रद्धा के साथ जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए महापर्व को लेकर घरों में उत्साह का माहौल है।
छठपर्व को लेकर छावनी के बाजार में फल की खरीदारी करती महिलाएं। संवाद- फोटो : घायल सिपाही को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी। संवाद