विगत माह बलदेव नगर के डिस्पोजल टैंक में मिले युवक प्रिंस के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
ये युवक पिछले कई दिनों से फरार चल रहे थे। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि प्रिंस का परिवार काफी समय से अपने बेटे को न्याय दिलवाने के लिए धक्के खा रहा था।
प्रिंस के मामा राजू ने बताया कि प्रिंस को घर से बुलाने कुछ लड़के आए थे। प्रिंस अपनी बाइक लेकर उन लड़कों के साथ चला गया। लेकिन जब वे रात को नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई।
तभी अचानक किसी ने सूचना दी कि प्रिंस का शव वहीं बलदेव नगर में स्थित एक डिस्पोजल टैंक में पड़ा हुआ है। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना इलाका पुलिस को दी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी थी। तभी थोड़ी देर बाद प्रिंस की बाइक वहीं डिस्पोजल टैंक के पास ही झाडिय़ों से बरामद कर ली गई। हालांकि परिजनों ने उसी वक्त पुलिस को उन चार लोगों के नाम भी बताए थे जिन पर उन्हे प्रिंस की हत्या करने का शक था।
लेकिन पुलिस इस मामले को कई दिनों तक तो प्रिंस द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका बताती रही। जिसके चलते प्ऱिस के परिजन अपनी शिकायतें लेकर पुलिस अफसरों तक पहुंचे और प्रिंस की हत्या के मामले में न्याय की गुहार लगाने लगे। अब सोमवार को पुलिस ने इस मामले में आखिरकार तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।