हरिद्वार।
एंटी माइनिंग के रडार पर कई अन्य क्रशर मालिक भी हैं। बाणगंगा का सीना
छलनी कर निकाली जा रही अवैध खनिज सामग्री सीधे कुछ क्रशर पर सीधे पहुंच रही
है। गणेश स्टोन क्रशर के कर्ताधर्ता सचिन गोयल उर्फ बंटी ने अवैध खनन के
सिंडीकेट के कई अहम राज पुलिस पूछताछ में उगले हैं। इसलिए अब कई अन्य क्रशर
मालिकों पर शिकंजा कसा जा सकता है।
यह बात साफ हो चुकी है क्रशर मालिक
सचिन गोयल पूरे क्षेत्र की अवैध खनन के मलाईदार धंधे की कमान संभाले हुआ
है। अभी तक वह अकेले पूरे सिंडीकेट को संभालता आ रहा था। उसके संपर्क-संबंध
में कई सफेदपोश, अफसर भी हैं यह बात सामने आई है। आईजी संजय गुंज्याल इस
बिंदु पर जांच कराने की बात कह चुके हैं। सचिन गोयल कई अन्य क्रशर संचालकों
को भी अवैध खनिज बेचता था। कई क्रशरों के पट्टे 16 से 18 घंटे तक घूम रहे
हैं। खनन माफिया से रातभर चली पूछताछ में अवैध खनन में जुटे कई चेहरों की
संलिप्ता की बात सामने आई है। कई बड़े नेताओं एवं अधिकारियों के नाम सामने
आए हैं। लेकिन पुलिस बोलने से बच रही है। आईजी संजय गुंज्याल ने स्वीकारा
कि कई क्रशर अवैध खनन सामग्री खरीद रहे हैं उन पर भी कार्रवाई होना तय है।
असली चेहरों को करेंगे चिह्नित
हरिद्वार।
गणेश स्टोन क्रशर के मुख्य कर्ताधर्ता सचिन गोयल की गिरफ्तारी के बाद एंटी
माइनिंग टीम अब लिखत पढ़त में क्रशर एवं पट्टों के स्वामियों की बजाय
संचालन करने वाले चेहरों को चिह्नित करने में फोकस किए हुए हैं। टीम ने
पाया था कि गणेश स्टोन क्रशर का सीधे तौर पर सचिन गोयल मालिक नहीं है लेकिन
पूरी बागडोर वह ही संभालता है। ऐसे ही कई अन्य क्रशरों में भी हो रहा है।
यह भी होता है कि पट्टाधारक एक मुश्त मोटी रकम लेकर अपना पट्टा किसी अन्य
के हाथ में सौंप देता है। इसलिए अब असली चेहरों से नकाब हटाने की तरफ एंटी
माइनिंग ने कदम उठाया है। आईजी संजय गुंज्याल के मुताबिक गोपनीय स्तर पर वह
कार्रवाई को अंजाम दे रहे हैं।
खनन को लेकर किया हंगामा
पथरी।
गांव नसीरपुरकलां में एक खेत में मिट्टी के खनन के विरोध में ग्रामीणों ने
सोमवार को हंगामा किया। इसको लेकर दो पक्षों में विवाद के चलते गांव में
तनाव बना हुआ है। ग्रामीणों ने डीएम व एसएसपी को पत्र भेजकर खनन पर शीघ्र
रोक लगाने की मांग की है। गांव बादशाहपुर निवासी सूरत सिंह सैनी,
इंद्रराज, विपिन, शुभम, अमरपाल, रजनीश, नवीन आदि ग्रामीणों ने डीएम और
एसएसपी को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि उनके खेत गांव नसीरपुरकलां में हैं।
इनके निकट दूसरे खेत में मिट्टी का खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप
लगाया कि मिट्टी से भरे ट्रैक्टर व डंपर, ट्रकों आदि को खेतों से होकर
निकाला जा रहा है। इससे उनकी फसल बर्बाद हो रही है। आरोप है कि वाहनों के
खेतों से निकलने का विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही है।
पट्टे की आड़ में अवैध खनन
पथरी।
गांव पुरानी कुंडी में गंगा में पट्टे की आड़ में अवैध रूप से करीब एक
किलोमीटर तक अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। बताया जाता है कि पुरानी
कुंडी में दो पट्टे के पट्टेधारकों में खनन को लेकर विवाद बना हुआ है।
रविवार को इनमें खनन करने को लेकर फिर विवाद हुआ था। सोमवार सुबह सात बजे
करीब एक पट्टे के संचालकों ने दूसरे पट्टे के संचालकों को मौके से दौड़ा
दिया।