एसएसपी पूजा डाबला,डीएसपी रामकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला दर्ज किया। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों के घटनास्थल पर पहुंचकर मूर्ति तोड़ने की घटना में शामिल होने का पता चला है।
क्रिसमस की रात को हरियाणा के अंबाला में लारेंस रोड स्थित प्राचीन कैथोलिक चर्च परिसर में लगी यीशु मसीह की करीब 70 साल पुरानी मूर्ति शरारती तत्वों ने तोड़ दी। मूर्ति तोड़े जाने की घटना से मामला तनावपूर्ण बन चुका है। यह घटना हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज के संज्ञान में आते ही तुरंत एएसपी पूजा डाबला, डीएसपी रामकुमार और संबंधित थाना के प्रभारी नरेश कुमार सहित पुलिस दलबल मौके पर पहुंचा और जांच कार्रवाई शुरू की गई।
विज्ञापन
बहरहाल पुलिस ने चर्च के फादर पतरस मुंडू की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पड़ताल पुलिस कर रही है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों के घटनास्थल पर पहुंचकर मूर्ति तोड़ने की घटना में शामिल होने का पता चला है।
हालांकि इन दो के अलावा इनके साथ और कितने लोग थे, इसका सुराग अभी नहीं लगा है। वहीं जो दो युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं, उनके हुलिए से ज्यादा अन्य कोई जानकारी अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगी है। धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की घटना की ईसाई और दूसरे समुदायों के लोग भी निंदा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।