स्टाफ रोड स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी की समय सारिणी बदलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को गुस्साए छात्र दोबारा लाइब्रेरी के बाहर जमा हो गए और धरना-प्रदर्शन कर जमकर वबाल काटा। गुस्साए छात्रों ने समय सारिणी की मांग को लेकर प्राचार्य मनमोहन सिंह से तीखी बहस शुरू कर दी। जिसके बाद कॉलेज स्टाफ ने बीचबचाव किया और शिक्षा विभाग के आलाधिकारियों से मामले पर बातचीत कर पर मामले को शांत करवाया।
छात्रों का कहना है कि लाइब्रेरी की समय सारिणी की मांग को लेकर वह कैबिनेट मंत्री अनिल विज व कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनमोहन सिंह को कई बार अवगत करवा चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों को कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है और झूठे आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। ऐसे में छात्रों की पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो रही है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस सेंट्रल लाइब्रेरी की समय सारिणी में बदलाव कर सुबह 10 से 5 बजे तक कर दिया गया था, लेकिन इस समय सारिणी से दूरदराज के क्षेत्रों से पढ़ने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि लाइब्रेरी की टाइमिंग को दोबारा 9 से 7 बजे तक किया जाए। ताकि छात्र संयुक्त रूप से अपनी पढ़ाई जारी कर सके।