अंबाला कैंट। उत्तर प्रदेश जा रहे रेल यात्रियों ने रविवार को बेगमपुरा एक्सप्रेस को करीब पच्चीस मिनट तक रोके रखा और जमकर हंगामा किया। इनका आरोप है कि टिकट चेकिंग के नाम पर कर्मचारियों ने महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया है। इसी को लेकर इन लोगों ने हंगामा किया और रेल लाइन पर बैठ गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह से इन लोगों को समझाकर शांत किया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश से जा रहे कुछ लोगों ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। बताया जाता है कि यह किसान यूनियन से जुड़े हैं। इन लोगों का आरोप है कि रेलवे विभाग के टिकट चेकर्स ने इस यात्रियों के साथ जा रही महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसी को लेकर यह सभी भड़क गए। इसी दौरान वाराणसी से जम्मू जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस भी स्टेशन पर थी। जैसे ही यह ट्रेन चलने लगी, तो यह लोग सीधे रेल लाइनों पर उतर आए और ट्रेन रोक दी। इन लोगों ने टिकट चेकिंग करने वाले स्टाफ द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार के विरोध में रेल लाइन पर हंगामा खड़ा कर दिया। इन लोगों ने इस मामले में सीधे कार्रवाई की मांग की। इसी बीच आरपीएफ कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने इन लोगों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन यह नहीं माने और हंगामा करने लगे। इसी दौरान ट्रेन भी करीब पच्चीस मिनट तक रुकी रही, जबकि अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथ पांव भी फूल गए। अधिकारियों ने ट्रेन चलवाने की कोशिश तो की, लेकिन इन लोगों ने कार्रवाई की मांग कर डाली। करीब पच्चीस मिनट तक हंगामा होता रहा, जिसके बाद इन सभी को समझाकर शांत किया, जिसके बाद स्टेशन के आउटर सर्कुलेटिंग एरिया में इन लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया, जबकि लगभग पच्चीस मिनट के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
कुछ लोगों ने गलत डिब्बे में चढ़ने की कोशिश की थी, जिसके चलते टिकट चैक करने वालों ने रोका था। महिलाओं ने अभद्रता वाली कोई बात नहीं है। ट्रेन को भी कुछ देर के बाद ही चला दिया गया था। इन लोगों को समझाकर शांत किया गया और आगे के लिए रवाना किया गया।
- अजय भारद्वाज, इंस्पेक्टर आरपीएफ
स्टेशन पर भिड़े जीआरपी के दो कर्मचारी, लाइन हाज
अंबाला कैंट। शनिवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के दो कर्मचारी आपस में बुरी तरह से उलझ पड़े। बहसबाजी के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। मामला अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद दोनों कर्मचारियों को फिलहाल लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के दो कर्मचारी आपस में किसी बात को लेकर बहसबाजी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ही दोनों कर्मचारी आपस में हाथापाई करने लगे। यह देख काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। हालांकि कुछ लोगों ने इन दोनों को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन यह नहीं माने। काफी देर तक दोनों के बीच हाथापाई होती रही, जबकि भीड़ भी यह तमाशा देखती रही। इसके बाद सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अलग-अलग किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान दोनों ने एक दूसरे पर जहां हाथापाई की, वहीं अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों कर्मचारियों को जीआरपी थाने लेकर पहुंची। बताया जाता है कि दोनों ने एक दूसरे के साथ मजाक किया था, जिस पर एक कर्मचारी भड़क गया। इसी को लेकर यह सारा विवाद खड़ा हुआ है।
दोनों कर्मचारियों में किसी मजाक को लेकर विवाद हुआ है। फिलहाल दोनों को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई है।
- अमन सिंह, इंस्पेक्टर जीआरपी थाना