अंबाला सिटी। महिला व युवक को भरी पंचायत में जूतों का हार डाल कर अपमानित करने के मामले में एफआईआर दर्ज करने बाद भी सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किए जाने के विरोध में पीड़ित महिला ने न्याय की मांग करते हुए मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री अनिल विज को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की है। यह जानकारी पीड़ित महिला व युवक ने शनिवार को सिटी के एक निजी रेस्तरां में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
पीड़िता ने बताया कि गांव बरनाला की पंचायत द्वारा करीब एक माह पूर्व उस महिला व युवक के साथ सजा के नाम पर भद्दा सलूक किया गया। मामला मीडिया में आने पर तूल पकड़ता देख आनन-फानन में पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर ली थी लेकिन अभी तक पुलिस मामले के केवल 9 आरोपियों को ही पकड़ पाई है।
पीड़ित महिला व युवक ने आज पत्रकारवार्ता कर न्याय की मांग की है। पीड़ित महिला का कहना है कि सभी आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और वह लज्जा के कारण गांव में भी नहीं जा पाती क्योंकि उसे अलग नजरों से देखा जाता है। उसके बच्चों की पढ़ाई छूट चुकी है और वह गांव से बाहर रह रही है। उसे आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। तंग आकर उसने अब मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री अनिल विज को पत्र लिख इच्छामृत्यु की मांग की है। जिस महिला के साथ गांव के लोगों ने यह सलूक किया वो महिला सोशल वर्कर है, और मुख्यमंत्री खुद उसे सम्मानित कर चुके हैं लेकिन आज न्याय के लिए उसे ही धक्के खाने पड़ रहे हैं। पीड़ित युवक ने कहा कि इस मामले में राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही और न ही पुलिस इस मामले में महिला आयोग के फैसलों का कोई सम्मान कर रही है।