अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चाकू चले। इस भिड़ंत में एक ऑटो चालक की मौत हो गई। घटना को बाइक पर आए चार युवकों ने अंजाम दिया। मृतक की पहचान शाहपुर गांव निवासी 41 वर्षीय अमरीक सिंह के तौर पर हुई है।
हादसे की सूचना मिलने पर छावनी का नागरिक अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। जबकि मृतक के बेटों सहित अन्य युवक भी अस्पताल में रोष जताते नजर आए। हालांकि पुलिस ने हालात को काबू करने के लिए पुख्ता प्रबंध कर दिए और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमों ने भी छापामारी शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों के नाम पुलिस को दर्ज कराए हैं।
हत्या तक पहुंची बच्चों की लड़ाई
मृतक अमरीक सिंह की पत्नी सुमन ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के युवकों का उनके छोटे बेटे के साथ विवाद हो गया था और आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। बुधवार को भी वो गालीगलाैज कर रहे थे। जब उन्हें समझाने की कोशिश की तो उन्होंने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में उसके पति अमरीक सिंह घायल हो गए। इसके बाद बुधवार को वे अंबाला में बेटी की ड्रेस लेने के लिए आए थे। जब उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे तो उनके पति पर हमला हो गया।
गए थे थाने, भेजा अस्पताल
घायल होने के बाद सुमन और अमरीक सिंह पड़ाव थाने पहुंचे थे तो उन्हें मेडिकल जांच कराने के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में भेज दिया। यहां ऑटो खड़ा करके अमरीक सिंह पत्नी सहित जब इमरजेंसी वार्ड में दाखिल होकर डाॅक्टर के पास पहुंचे तभी तीन लड़के हाथों में चाकू लिए इमरजेंसी वार्ड में दाखिल हुए और अमरीक सिंह की गर्दन और पेट पर चाकू से दो वार किए। इसके बाद अस्पताल परिसर में खून ही खून हो गया और इसके बाद अमरीक सिंह का चिकित्सकों ने उपचार शुरू कर दिया। मगर हालत बिगड़ी तो उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में अमरीक सिंह ने दम तोड़ दिया।
सुरक्षा गार्ड को धमकाया
चाकू मारने के बाद जब नागरिक अस्पताल में मौजूद सुरक्षा गार्ड ने आरोपी युवकों को रोकने की कोशिश तो उन्होंने उसे भी चाकू मारने की धमकी दी तो सुरक्षा गार्ड डर की वजह से एक तरफ हो गया। इसके बाद दो युवक अस्पताल के परिसर में खड़ी बाइक पर बैठ गए जबकि दो युवक परिसर में कुछ समय के लिए घूमते रहे जोकि कुछ देर बाद बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
सुरक्षा पर लगा प्रश्नचिह्न
इमरजेंसी वार्ड में हुए चाकू के हमले ने एक बार फिर नागरिक अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। दिन के उजाले में हमलावर चाकू लहराते हुए इमरजेंसी वार्ड में दाखिल हुए और बिना किसी डर के चाकू मारकर बड़े आराम से बाहर निकल गए। हालांकि पुलिस ने एक अस्थाई चौकी का प्रबंध नागरिक अस्पताल में किया हुआ है, लेकिन वहां मात्र एक होमगार्ड जवान के कोई नहीं होता।
जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति को नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चाकू मार दिया है। तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरु कर दी गई थी। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं। नागरिक अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-रजत गुलिया, डीएसपी, कैंट