हथियारों का सौदागार भी है धरा गया एक आरोपी
पुलिस के अनुसार धरा गया एक आरोपी शशांक पांडे हथियारों का भी सौदागर है। बताया जा रहा है कि उसके पास आठ पिस्टल की सूचना मिली थी, जिसमें से चार सोनीपत में और एक अंबाला में किसी साथी को दी, जबकि तीन पिस्टल धरे गए आरोपियों से पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस को बदमाशों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत पुलिस चप्पा-चप्पा छान रही है। जहां-जहां पर भी इस प्रकार के बदमाश मिल रहे हैं, उनकी धरपकड़ कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। - अनिल विज, गृह मंत्री, हरियाणा।
अंबाला जेल में बनी थी बदमाशों की ‘चौकड़ी’, शशांक पांडे ने अंबाला जेल में ही बनाई थी गैंग, देना था बड़ी वारदात को अंजाम
लॉरेंस बिश्नाई और गोल्डी बराड़ गैंग के गिरफ्तार चारों शूटरों की ‘चौकड़ी’ अंबाला जेल में बनी थी। यहीं पर वर्ष-2020 में चारों एक दूसरे के करीब आए और फिर अपराध के दलदल में धंसते चले गए। इसी दौरान वे लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के संपर्क में भी आए।
दरअसल मास्टरमाइंड माना जाने वाला शशांक पांडे अंबाला में आठ लाख की लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है। इस मामले में वह ढाई साल तक अंबाला जेल में रहा था। यहीं पर उसकी मुलाकात कटौरा मर्डर केस में शामिल साहिल उर्फ बग्गा और अश्वनी उर्फ मनीष तथा बंटी से हुई। यही चारों ने मिलकर कुछ अन्य अपराधियों के साथ गैंग बनाई। इसके बाद बदमाशों की यह चौकड़ी लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के संपर्क में आई। सूत्रों के अनुसार जेल से छूटने के बाद अक्सर शशांक पांडे का अंबाला में आना-जाना था।
गत दिवस भी वह अंबाला आया था और अन्य आरोपियों को हथियार सौंपकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बदमाशों के मंसूबे को नाकाम कर दिया। लॉरेंस बिश्नाई और गोल्डी बराड़ गैंग के चार आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर अंबाला पुलिस ने निश्चित रूप से बड़ी कामयाबी हासिल की है, लेकिन इनके मंसूबे जानना पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं है।
यही कारण है कि छह दिन के रिमांड पर लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि धरे गए बदमाश अंबाला में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे, हालांकि यह खुलासा नहीं हो सका है कि आरोपियों के मंसूबे क्या थे।
एप के माध्यम से सीधे गोल्डी बराड़ के संपर्क में थे आरोपी
शशांक के साथ अन्य आरोपी एक एप के माध्यम से कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के संपर्क में थे। वहीं जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से भी उनका संपर्क था कि नहीं, इसको लेकर जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार एप के माध्यम से ही उन्हें गोल्डी बराड़ की ओर से निर्देश दिए जाते थे कि कब क्या करना है।
एमपी से आठ पिस्तौल और अन्य हथियार लेकर आया था शशांक पांडे
मुख्य आरोपी शशांक एमपी से आठ पिस्तौल लेकर चला था। इस दौरान सोनीपत में उसने करीब चार पिस्तौल व अन्य हथियार अपने साथियों को सौंप दिए। जबकि एक अन्य हथियार अंबाला में ही किसी अन्य साथी को सौंपा गया। वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीन पिस्तौल उनके पास से बरामद की है। अब पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार सभी पिस्तौल पर स्टार का निशान बना हुआ है।
विधायकों को धमकी देने और सिद्धू मूसेवाला हत्या में संलिप्तता भी जांचेगी पुलिस
पिछले दिनों विधायकों को मिली धमकी और गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या कांड मामले को लेकर भी पुलिस जांच में जुट गई। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के ही सदस्य होने के कारण पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी इन दोनों मामलों में किसी तरह से शामिल हो सकते हैं। इस एंगल से भी पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी।
शशांक पांडे जयपुर में भी दे चुका है लूट की वारदात को अंजाम
शशांक पांडे अंबाला के साथ-साथ जयपुर में भी लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है और वहां पर भी मामले दर्ज हैं। यह भी बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई व गोल्डी बराड़ गैंग के संपर्क में हथियारों को भी साथियों तक पहुंचने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान ही वह पकड़ा गया।
प्रेस वार्ता में यह बोले एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा
एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि अंबाला पुलिस द्वारा अवैध हथियार कारतूस रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। 23 जुलाई को सीआईए-2 अंबाला के पुलिस दल उप-निरीक्षक विरेंद्र वालिया के नेतृत्व में सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना महेशनगर क्षेत्र श्मशान घाट बब्याल के पास से लोरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
गश्त के दौरान सीआईए 2 को मिली थी सूचना
सीआईए-2 के पुलिस दल द्वारा 23 जुलाई को अपराधों की रोकथाम व अपराधियों को पकड़ने के लिए गश्त की जा रही थी। इस दौरान पुलिस दल को सूचना मिली थी कि चार युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं जो किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस दल ने छापामारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।